Monday, May 11, 2015

सुरेश कांटक की पुस्तक ‘अंजोरिया के पीछे’ और ‘वीर बांकुड़ा बाबू कुंवर सिंह’ का लोकार्पण




लोकार्पण आयोजन में 1857 का जनविद्रोह और किसानों की जिंदगी का संकट बहस के केंद्र में रहा 



आरा: 10 मई 2015

सुरेश कांटक द्वारा कहानी पाठ 
1857 के स्वाधीनता संग्राम के आरंभ के ऐतिहासिक दिवस पर आज स्थानीय तिलक नगर के फिजिक्स स्टडी प्वाइंट में जन संस्कृति मंच की ओर से प्रसिद्ध कथाकार सुरेश कांटक के भोजपुरी कहानी संग्रह ‘अंजोरिया के पीछे’ और नाटक ‘सत्तावन के वीर बांकुड़ा कुंवर सिंह’ का लोकार्पण और उस पर बातचीत का आयोजन हुआ। लोकार्पण आलोचक रामनिहाल गुंजन, कथाकार नीरज सिंह और आलोचक रवींद्रनाथ राय ने किया। संचालन कवि सुमन कुमार सिंह ने किया।


रामनिहाल गुंजन 
सुमन कुमार सिंह 
पहले सुरेश कांटक ने ‘अंजोरिया के पीछे’ कहानी संग्रह से एक कहानी ‘नेता जी के बैल’ का पाठ किया। 
लोकार्पित पुस्तकों की चर्चा करते हुए रामनिहाल गुंजन ने कहा कि सुरेश कांटक मूलतः कहानीकार हैं। उनकी कहानी ‘नेता जी का बैल’ प्रेमचंद की ‘दो बैलोें की कथा’ से आगे की कहानी है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी में अधिक से अधिक राजनैतिक कहानियां लिखने की जरूरत है। कुंवर सिंह के प्रसंग में  उनकी राय थी, कि इस विद्रोह को दो साल पहले हुए आदिवासी विद्रोह से भी जोड़कर देखना चाहिए। 

नीरज सिंह 
कुंवर सिंह नेतृत्व में लड़े गए स्वाधीनता संग्राम में जबर्दस्त जनसहभागिता की चर्चा करते हुए कथाकार नीरज सिंह ने कहा कि सुरेश कांटक ने कुंवर सिंह पर नाटक लिखकर महत्वपूर्ण कार्य किया है। 1857 के बाद अंग्रेजों ने साजिशन सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया। आज की परिस्थिति में 1857 को याद करना जनता की ताकत में यकीन करने जैसा है। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह का निरंकुश शासन चल रहा है, जिस तरह लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन हो रहा है, उसे देखते हुए लगता है कि 2017 तक इस देश में फिर भयंकर विद्रोह होगा। 

आलोचक रवींद्रनाथ राय ने कहा कि सुरेश कांटक की कहानियां प्रगतिवादी दौर की कहानियों की याद दिलाती हैं। धन का प्रलोभन, बाजार की चमक और खेती को हाशिये पर रखने की परिघटनाओं को इन्होंने बखूबी दर्शाया है। इनमें नागार्जुन-सी जनपक्षधरता है। कुंवर सिंह की लड़ाई किस तरह जनता की लड़ाई थी, इसे इन्होंने अपने नाटक में अच्छी तरह दिखाया है।

अनन्त कुमार सिंह 
कथाकार अनंत कुमार सिंह ने कहा कि खेती-किसानी की संस्कृति को किस तरह कसाई के हवाले कर दिया गया है, इसे इनकी कहानियां बखूबी दर्शाती हैं। कवि सुमन कुमार सिंह ने उनकी कहानियों पर केंद्रित लेख का पाठ करते हुए कहा कि किसान की जिंदगी पर सुरेश कांटक की गहरी पकड़ है। खेती से किसान का मन कैसे फटा है, इसे इनकी कहानियों को पढ़ते हुए महसूस किया जा सकता है। 

सुधीर सुमन ने कहा कि कांटक जी ने नाटक की भूमिका में जिन मेहनतकश जातियों की 1857 की लड़ाई में भागीदारी का उल्लेख किया है, उसे नाटक के दृश्यों में भी परिणत होना चाहिए था। वर्तमान दौर में सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति के खतरों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि 1857 की सांप्रदायिक एकजुटता को फिर से हासिल करना वक्त की जरूरत है। आज जरूरी है कि धर्मन और कर्मन की हकीकत को खोजकर सामने लाया जाए। जिस तरह टीवी धारावाहिकों में राजाओं और बादशाहों के बीच की लड़ाई को हिंदू-मुसलमान की लड़ाई के तौर पर प्रचारित किया जा रहा है, वह इतिहास को विकृत करने की कोशिश है। सांप्रदायिक बोध को बढ़ाने वाले इतिहास से मुक्ति के लिए सचेत प्रयास करना होगा। 

कवि सुनील श्रीवास्तव ने व्यवस्थागत जटिलता की और ज्यादा पड़ताल करने की जरूरत पर जोर दिया। कवि अरविंद अनुराग ने कहा कि प्रेमचंद जिस तरह की कहानियां हिंदी में लिख रहे थे उसी तरह की कहानी सुरेश कांटक भोजपुरी में लिख रहे हैं। 
राकेश दिवाकर 
कवि ओमप्रकाश मिश्र ने सुरेश कांटक को भोजपुरी कहानी में कथ्य के चयन के प्रति सचेत कहानीकार के बतौर चिह्नित किया। कवि संतोश श्रेयांश ने उन्हें हमारे समय का जरूरी कहानीकार बताया। चित्रकार राकेश दिवाकर ने सुरेश कांटक की कहानी ‘एक सई तिरिपन बरिस के आदमी’ की तुलना एचजी वेल्स के उपन्यास ‘टाइम मशीन’ से की। 
भाकपा-माले के नगर सचिव दिलराज प्रीतम ने कहा कि शासकवर्ग ने आम अवाम को जिस खतरनाक मोड़ पर खड़ा कर दिया है, उसके खिलाफ जो जनांदोलन चल रहे हैं, उसके बारे में लिखना ही 1857 को याद करने का सही तरीका होगा।
निर्मोही 
इस मौके पर जनकवि निर्मोही ने ‘कारपोरेट से कइले बा इयारी/ ए भइया करऽ लड़े के तैयारी’ तथा युवानीति के संयोजक अरुण प्रसाद ने खेती और किसानों की दुर्दशा से संबंधित गीत सुनाए। शिक्षक अजय महतो और रंगकर्मी सूर्यप्रकाश ने भी अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन कवि सुनील चैधरी ने किया। इस अवसर पर आशुतोष कुमार पांडेय, चित्रकार-कवि रविशंकर सिंह, शिक्षक मुकेश कुमार, रंगकर्मी अमित मेहता, आशय, शांतनु आदि भी मौजूद थे। 




सुमन कुमार सिंह द्वारा जारी

आज 
प्रभात खबर 

हिंदुस्तान 

Sunday, May 10, 2015

कसक (कविता) : सुनील श्रीवास्तव

सुनील श्रीवास्तव 

दिन वे लौट आते अगर
सुधार लेता कुछ गलतियां
चुपचाप गटक जाता गीला भात
नहीं खिसियाता बनाने वाली पर
एक मेरे लिए ही तो वह
सिंझाती थी भात
एक मैं ही तो था भतहा
पूरे घर में 

सौ ग्राम नमकीन
यही तो मंगवाया था उसने
मैं भूलता रहा रोज
दफ्तर से लौटते वक्त
दुकान रास्ते से थोड़ा हटकर थी
उसके जाने का पता होता 
तो लूट लाता
शहर की सारी दुकानों का
सारा नमकीन

असाध्य बीमारी की असह्य पीड़ा
और इतना बड़ा घर
वह घर को सजाकर रखना चाहती थी
चीजों को तरतीबवार
और मैं फिजूल के कामों में
व्यर्थ नहीं करना चाहता था
हफ्ते की दो छुट्टियां
मैं चंद घंटों में सजा देता सारा घर
वह लौट आती एक बार अगर
बेतरतीबी के लिए भ्ज्ञी तो 
मैं ही था 
सबसे ज्यादा जिम्मेदार

वह सबको प्यार करती थी
सब उसको प्यार करते थे
मैं उसे बेपनाह प्यार करता था
और निस्संकोच उपेक्षा भी
प्यार छिपता रहा
उपेक्षाएं दिखती रहीं
मैं सबकुछ बता देता उसे
जना देता प्यार को
दिन लौट आते अगर

वह अक्सर एक सपना देखती
सपने में वह 
गिरती होती एक ऊंचे मचान से 
नीचे मैं खड़ा होता बांहें फैलाए
बीच में ही टूट जाती नींद
मैं अक्सर एक सपना देखता
सपने में भोर होती
उठता आंखें मलते तो
पाता उसके दरवाजे पर
एक भयानक काला सांप
कमरे में वह बैठी होती निश्चल 
मैं सांप को मारने चलता
सांप भीतर घुसने लगता कमरे में
बीच में ही टूट जाती नींद
हम दोनों अपने-अपने सपने देखते
मैं उसमें बेइंतहा मोहब्बत देखता
वह मुझमें बेहद भरोसा देखती
दिन वे लौटते तो
मैं लगा देता जोर
करता सपनों का सुखांत

दोस्तो, आखिरी बार
जाने के पहले आखिरी बार
उसने पुकारा था मुझे
वह जाना नहीं चाहती थी
उसने चिल्लाकर कहा था मुझसे
खुद को रोक लेने को
और मैं रोक सकता था उसे
मैं कसम खाकर कहता हूं
रोक सकता था उसे
पर, पता नहीं कहां उस दिन 
मैं छोड़ आया था अपने कान
मैं उसे रोककर दिखाता
दिन वे लौट आते एक बार

Monday, May 4, 2015

मेरा जीवन : मेरा परिवेश- रामनिहाल गुंजन



रामनिहाल गुंजन हिंदी मार्क्सवादी आलोचना के सुपरिचित नाम हैं। 9 नवंबर 1936 को उनका जन्म हुआ था। गुंजन जी 1916 में अस्सी साल के हो जाएंगे। रामनिहाल गुंजन की अब तक ‘विश्व कविता की क्रांतिकारी विरासत’ (1987), ‘हिंदी आलोचना और इतिहास दृष्टि’ (1988), ‘रचना और परंपरा’ (1989), ‘राहुल सांकृत्यायन: व्यक्ति और विचार’ (1995), ‘निराला आत्मसंघर्ष और दृष्टि’ (1998), ‘शमशेर नागार्जुन मुक्तिबोध’ (1999), ‘प्रखर आलोचक रामविलास शर्मा’ (2000), ‘हिंदी कविता का जनतंत्र’ (2012) और ‘कविता और संस्कृति’ (2013) नामक आलोचना की 9 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके करीब ढाई सौ आलोचनात्मक लेख अभी भी असंकलित हैं, जिनमें कुछ अप्रकाशित भी हैं। इनके अलावा जार्ज थाॅमसन की पुस्तक ‘मर्क्सिज्म एंड पोएट्री’ और अंटोनियो ग्राम्शी के चुने हुए निबंधों का उन्होंने ‘मार्क्सवाद और कविता’ (1985) तथा ‘साहित्य, संस्कृति और विचारधारा’ (1992) नाम से हिंदी अनुवाद और संपादन किया है। ‘बच्चे जो कविता के बाहर हैं’ (1988), ‘इस संकट काल में’ (1999) और ‘समयांतर तथा अन्य कविताएं’ (2015) शीर्षक से उनके तीन कविता संग्रह भी प्रकाशित हैं। रामवृक्ष बेनीपुरी, आचार्य नलिन विलोचन शर्मा, यशपाल, रांगेय राघव, भीष्म साहनी, डाॅ. सुरेंद्र चौधरी और डाॅ. चंद्रभूषण तिवारी पर शुक्ल शोध संस्थान से प्रकाशित होने वाली शोध पत्रिका ‘नया मानदंड’ के सात महत्वपूर्ण अंक भी उन्होंने संपादित किए। वेदनंदन सहाय, भगवती राकेश, रामेश्वर नाथ तिवारी और विजेंद्र अनिल के व्यक्तित्व और रचनाकर्म से संबंधित पुस्तकों का भी उन्होंने संपादन किया। 1970 के आसपास अपने संपादन में ‘विचार’ पत्रिका निकाली और विचार प्रकाशन के नाम से अब तक कई पुस्तकों का प्रकाशन कर चुके हैं। नागार्जुन पर भी एक पुस्तक का संपादन उन्होंने किया, जो नीलाभ प्रकाशन से प्रकाशित हुआ था। 

हिंदी का जो लघु पत्रिका आंदोलन है, उसे रामनिहाल गुंजन की लेखकीय ऊर्जा का जबर्दस्त समर्थन और सहयोग मिला है। आज भी वे किसी नौजवान लेखक से अधिक सक्रिय हैं। हिंदी की प्रगतिशील-जनवादी साहित्य परंपरा के प्रति अभी भी उनमें गहरी आस्था है। अपनी कविताओं में भी इस परंपरा को विकसित करने वाले कई नामों को वे याद करते हैं, उनकी कविताओं की पंक्तियों को आज के बदले हुए समय में वे किसी उम्मीद की तरह अपनी कविताओं में लाते हैं। 

राम निहाल गुंजन (संपर्क- 07250201038)
अपने स्वभाव के अनुरूप ही लेखन में भी वे किसी चमत्कार, उतावलापन या सनसनी का सहारा कभी नहीं लेते। बहुत ही धैर्य और दृढ़ता के साथ कई-कई संदर्भों के जरिए वे किसी रचना या आलोचना का मूल्यांकन करते हैं। रामंचद्र शुक्ल, राहुल सांकृत्यायन, रामविलास शर्मा, निराला, नागार्जुन, त्रिलोचन, केदारनाथ अग्रवाल और मुक्तिबोध की रचना-आलोचना उन्हें अधिक प्रिय हैं। नामवर सिंह की आलोचना दृष्टि से निरंतर उनकी बहसें रही हैं। मुक्तिबोध से प्रायः वे सहमत दिखते हैं। हालांकि जो उनके प्रिय लेखक हैं, उनकी भी किसी अवधारणा से असहमति रहती है, तो उसे भी स्पष्ट तौर पर जाहिर करते हैं। वैसे साहित्यकार जिन्होंने किसी दौर में महत्वपूर्ण काम किया हो, पर उपेक्षित हों या लोग जिन्हें भूल गए हों, गुंजन जी ने उन पर भी बड़ी शिद्दत के साथ लिखा है।

गुंजन जी उन दुर्लभ साहित्यकारों में हैं, जो सत्ता के सांस्कृतिक सम्मोहन से बचे हुए हैं। इस घनघोर आत्मप्रचार और पूंजी व सत्ता की गोद में बैठकर थोड़ा नाम-दाम पा लेने की आतुरता वाले दौर में भी वे एक ऐसे साहित्यकार हैं, जो इस तरह की महत्वाकांक्षाओं और बेचैनियों से मुक्त रहकर बिना किसी शोर के लगातार लेखन कार्य में लगे हुए हैं। 1967 के नक्सलबाड़ी विद्रोह और कृषि क्रांति के उसके लक्ष्य को हिंदी साहित्य के लिए एक निर्णायक मोड़ की वजह मानने वाले रामनिहाल गुंजन वैचारिक तौर पर उसी के प्रभाव से विकसित साहित्य की नवजनवादी धारा से अपने आप को जोड़ते रहे हैं। इस धारा को उन्होंने कभी भी प्रगतिशील-जनवादी धारा से सर्वथा विछिन्न नहीं माना, बल्कि उसी का विकास मानते रहे हैं। सत्ता का लगभग प्रवक्ता बन चुके कुछ भूतपूर्व-अभूतपूर्व क्रांतिकारी साहित्यकारों के विपरीत रामनिहाल गुंजन आज भी पूरी मजबूती के साथ अपनी वैचारिक पोजीशन पर कायम हैं। कभी बढ़-चढ़कर उन्होंने उस धारा पर न अपनी दावेदारी जताई और न ही कभी विचार और व्यवहार में उससे अलग कोई रास्ता अपनाया। फ़िलहाल वे जन संस्कृति मंच, बिहार के राज्य अध्यक्ष हैं।

अपनी जिंदगी या अपने लेखन के बारे में वे बहुत कम बात करते हैं। वैसे भी वे बहुत जल्दी खुलते नहीं। बोलते भी हैं तो धीमी आवाज में। कुछ लोगों को यह भ्रम भी होता है कि वे बहुत अंतर्मुखी हैं, गैर-सामाजिक हैं। लेकिन व्यक्तिवाद से वे हमेशा अपनी असहमति जताते रहे है तथा बारंबार रचनाकार और रचनाओं की सामाजिकता का पक्ष लेते रहे हैं। अगर उन्हें लगे कि आप उनके ईमानदार वैचारिक सहयोगी हैं, तो वे देर तक बिना रुके आप से बातचीत कर सकते हैं, आपको समय का पता ही नहीं लगेगा। कितनी सारी घटनाएं, कितने सारे साहित्यिक संदर्भ उनकी जुबान पर रहते हैं। छिद्रान्वेषण, चरित्रहनन, परनिंदा, आत्मश्लाघा और आत्मप्रचार- जिसमें आजकल कस्बों से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक के साहित्यकार डूबे हुए नजर आते हैं, उसका कोई असर उन पर नहीं दिखता। कभी किसी के बारे में कोई सवाल भी होता है उनके मन में, तो बेहद संकोच से पूछते हैं और जो भी जवाब मिले, उसे सुनकर फिर बातचीत के मूल विषय पर केंद्रित हो जाते हैं। शायद ही हल्के और भदेस किस्म की कोई बातचीत करते हुए कभी किसी ने उन्हें सुना हो। 

जब मैंने उनसे अपने बारे में लिखने को कहा, तो पहले तो टाल गए। कहने लगे कि अपने बारे में क्या बताना है, कुछ खास नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कहानीकार नहीं हैं, कहानीकार में यह क्षमता होती है कि वह अपने जीवन के छोटे-छोटे प्रसंगों को महत्वपूर्ण और रोचक ढंग से पेश कर सकता है, जो पाठकों को भी दिलचस्प लगता है। लेकिन बहुत जोर देने पर संभवतः पहली बार उन्होंने अपने जीवन और परिवेश के बारे में कुछ लिखा है। तो लीजिए पेश है गुंजन जी की दास्तान उन्हीं की कलम से-


मेरा जीवन : मेरा परिवेश

रामनिहाल गुंजन

मेरे जन्म से पहले मेरे पूर्वज यानि मेरे पितामह पटना जिले के बिहटा थाने के भरतपुरा गांव से आकर आरा में बस गए थे। वे गांव में कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। वहां उनका अपना मकान और खेती बारी के लिए थोड़ी जमीन भी थी, लेकिन पैदावार पर्याप्त नहीं होने और आर्थिक कारणों से उनका गांव में रहना संभव नहीं हो रहा था। इसलिए उन्होंने अन्यत्र जाने का निश्चय किया। चूंकि मेरे पितामह की शादी आरा के एक मध्यवर्गीय परिवार में हुई थी, इसलिए आरा में आकर  बस जाना उनके लिए स्वाभाविक था। मेरे पिता और उनके छोटे भाई का जन्म भरतपुरा में ही हुआ था और उनकी शादी भी मगह यानि मगध के ही किसी गांव में होना एक प्रकार से तय था। तद्नुसार मेरे पिता की शादी गया जिले के मखदुमपुर स्टेशन के पास स्थित एक गांव इनकीन के एक प्रतिष्ठित, किंतु एक छोटे मध्यमवर्गीय किसान परिवार में हुई। गांव में मेरे नाना रामकिसुन महतो का परिवार उस समय के शिक्षित परिवारों में गिना जाता था जबकि गांव में शिक्षित लोगों की संख्या उन दिनों कम ही हुआ करती थी। नाना के लड़के यानि मेरे मामा राम बालक महतो और उनके लड़के श्रीराम महतो भी मैट्रिकुलेशन तक शिक्षित थे। उन्हें भी शिक्षित परिवार का संस्कार इस रूप में बखूबी प्राप्त था। मेरे पिता की शिक्षा मिडिल तक हुई थी। वे हिंदी अच्छी तरह लिख-पढ़ लेते थे। उनकी हिंदी की लिखावट भी अच्छी थी। वे थोड़ी बहुत अंग्रेजी भी जानते थे, क्योंकि जब मैं अंग्रेजी की पहली किताब यानी प्यारे चरण सरकार की ‘द फर्स्ट इंग्लिश बुक आॅफ रीडिंग’ पढ़ रहा था तब जहां-तहां उनसे अंग्रेजी शब्दों के अर्थ जानने में मुझे मदद मिलती थी। उन्होंने एक बार बतलाया था कि ट्रेन में एक अंग्रेज से उनकी भेंट हुई थी, जो बैठने के लिए जगह तलाश कर रहा था, तो उन्होंने उसे ‘सीट बाई मी’ कहकर अपने पास बैठने का संकेत किया था। मेेरे पिता कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद एक सामाजिक और व्यावहारिक व्यक्ति थे। 

उल्लेखनीय है कि मेरे पितामह रामकृष्ण चौधरी अपने परिवार के साथ, जिसमें उनकी पत्नी, दो लड़के तथा उनकी पत्नियां शामिल थीं, आरा मे आकर रहने लगे थे। उनके दोनों लड़के यानि वसंत प्रसाद और नन्हक प्रसाद पढ़े-लिखे होने पर भी कृषि कार्याें में अपने पिता की मदद किया करते थे। दस-पंदह कट्ठे की जमीन मालगुजारी पर लेकर वे खेतीबारी करने लगे थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण होने लगा था। पितामह आरा आने के कुछ दिनों यानि दो चार साल तक अपनी ससुराल के मकान में ही सपरिवार रहा करते थे और वहीं रहकर खेतीबारी का काम किया करते थे। इसी सिलसिले में उन्होंने अपना एक छोटा सा मकान शिवगंज मुहल्ले में बनवा लिया था जहां वे खुद सपत्नीक रहने लगे थे और उनके लड़के अपने परिवार के साथ उनकी ससुराल वाले मकान में ही रहते रहे, जो तब साधुशरण जी के मकान के नाम से जाना जाता था। साधुशरण जी पिता जी के मामा लगते थे। मैं उन्हें बाबा कहता था। उनका मकान इतना बड़ा था कि उसमें कई परिवार किराये पर रहते थे। वे सब किरायेदार के रूप में जरूर थे, लेकिन उनके साथ साधुशरण जी बिरादराना संबंध रखते थे। किरायेदार भी कई जातियों के थे, लेकिन सब में इस कदर का भाईचारा था कि वे एक दूसरे का सुख-दुख में साथ देते थे। साधुशरण जी खुद शिक्षक की नौकरी करते थे। नगरपालिका के एक प्राथमिक विद्यालय में वे पढ़ाते थे। उनके विद्यालय में पढ़ने वाले मुसलमान और हरिजन परिवार के लड़के भी थे। उनका विद्यालय शिवगंज मुहल्ले में एक ऊंचे स्थान पर चलता था। उस स्थान पर बैठकर पढ़ाते हुए वे निराला के ‘कुल्लीभाट’ के चरित नायक की तरह लगते थे, जिसे मैंने बचपन में अपनी आंखों से देखा था और बाद में जब मैं उस उपन्यास से गुजर रहा था तब मेरी आंखों के सामने वह दृश्य प्रत्यक्ष हो गया था और मेरे जेहन में निराला की ‘जल्द जल्द पैर बढ़ाओ’ शीर्षक कविता की ये पंक्तियां कौंध रही थीं-

आज अमीरों की हवेली
किसानों की होगी पाठशाला
धोबी, पासी, चमार-तेली
खोलेंगे अंधेरे का ताला।

यों बाबा साधुशरण जी संगीत में भी गहरी रुचि रखते थे। मैंने देखा था, किसी सधे हुए संगीतज्ञ की तरह उनकी उंगलियां सितार और वीणा पर थिरका करती थीं। मैंने उनको किसी मंच पर सितार या वीणा बजाते हुए नहीं देखा था, लेकिन वे जो संगीत की साधना किया करते थे वह स्वतः प्रेरित ही थी। मैंने महसूस किया था कि जब वे अभ्यास करते होते थे तो अपना सुध-बुध खोकर संगीत की दुनिया में रम जाया करते थे। वे डील-डौल में निराला की तरह लंबे-चौड़े थे। बंगला कुरता और धोती में सजे-संवरे वे बड़े भव्य लगते थे। अपने छोटे बालों और ऊंचे ललाट के कारण मुझे तो वे किसी महापुरुष से कम नहीं लगते थे। संगीत और शिक्षा से जुड़े होने के अलावा वे एक अच्छे वैद्य भी थे और अपने व्यवहार में इतने उदार थे कि दूसरों की निःशुल्क चिकित्सा करने में उनको ज्यादा आनंद आता था। वे एक अर्थ में समाज कल्याण की चिंता से प्रेरित व्यक्ति थे। वे सामाजिक कार्यों में ज्यादा रुचि लेते थे। 1923 में आरा में जब भीषण बाढ़ आई थी तब उन्होंने कुछ लोगों की मदद से नीम के एक विशाल पेड़ पर चौकी बांध कर उस पर पचासों लोगों को शरण दिलाने और बाढ़ में फंसे उन सभी लोगों के लिए भोजन और राहत पहुंचाने का काम किया था। वही बाबा  जब अपनी एकमात्र बेटी जगदीपा की शादी को लेकर चिंतित थे, तब उस पुश्तैनी मकान को बेचने के अलावा उन्हें कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखलाई पड़ा और वह मकान लागत मूल्य से कम में ही बिक गया। उस मकान के बिकते ही उसमें रहनेवाले मकान मालिक और उनके परिवार के लोगों के साथ-साथ किरायेदारों को भी अपने लिए दूसरे मकान खोजने पड़े। मेरी दो बड़ी बहनों, मेरे बड़े भाई और मेरा जन्म उसी मकान में हुआ था। इसके बाद ही हमलोग अनिकेत हो गए। मेरा परिवार किराए के मकान में रहने लगा। मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति तब और खराब हो गई। किसी तरह अभाव की स्थिति में बाबा साधुशरण जी ने ही मेरी दोनों बड़ी बहनों की शादी क्रमशः छपरा और बलुआ के नरगदा गांव के खाते-पीते परिवारों में करवाई।

उस समय तक मेरे पितामह और पितामही का भी निधन हो गया था और उनका मकान भी बिक चुका था। बाबा साधुशरण जी अपने आखिरी दिनों में विद्यालय के साथ-साथ आरा गोरक्षिणी सभा की देखरेख का भी काम करने लगे थे। उन्हीं दिनों वे अपनी बेटी से मिलने  पिरौंटा गांव गए थे, लेकिन वहां से लौटने के बाद ही डायरिया का शिकार हो गए और असमय उनका निधन हो गया। अपनी पुस्तक ‘राहुल सांकृत्यायन : व्यक्ति और विचार’ को मैंने उन्हीं को समर्पित किया है। जैसा मैंने बताया कि मेरी दोनों बड़ी बहनों की शादी बाबा के समय में ही हो चुकी थी, इसलिए मेरे पिता जी को अब हमलोगों, यानि मां और हम दो भाइयों की चिंता थी। पिताजी के छोटे भाई भी अपने पैर पर खड़े होकर अलग रहने लगे थे और अपना मकान बनाकर शिवगंज मुहल्ले में स्थायी रूप से बस चुके थे। उनके बड़े लड़के रामदयाल मुझसे दो वर्ष बड़े थे और स्कूल में साथ-साथ पढ़ते थे। पहले तो मैं पढ़ने से भागता था और अपने बचपन के दोस्त सादिक के साथ घूमा फिरा करता था, लेकिन जब उसका भी स्कूल में नाम लिखवा दिया गया तब मुझे भी मजबूरन पढ़ने जाना पड़ा। उस समय शिवगंज मुहल्ले में ‘दुखित गुरु की पाठशाला’ नाम से एक स्कूल चलता था, जिममें मैं और सादिक साथ-साथ पढ़ने लगे। चूंकि मैं सात-आठ साल का होने पर स्कूल में पढ़ने गया था, इसलिए मुझे पाठ को याद करने में आसानी हुई और उसी के चलते मुझे आरंभ में ही तीसरे क्लास के लड़कों के साथ पढ़ने के लिए बैठाया गया। फलतः मैं दो-तीन साल के बाद ही छठे क्लास में पढ़ने के काबिल हो गया। 1950 में मेरा नामांकन टाऊन स्कूल में कराया गया, जो जिले का पहला स्कूल भी था। इसी स्कूल में कभी आचार्य शिवपूजन सहाय पढ़ाया करते थे और जगजीवन राम भी कभी इस स्कूल का छात्र रह चुके थे। इसी स्कूल में मुझे हिंदी पढ़ाने वाले वृंदावन बिहारी जैसे योग्य शिक्षक के सान्निध्य मेें आने का अवसर मिला जो एक अच्छे लेखक भी थे। उनके द्वारा लिखे दो उपन्यासों- ‘आकांक्षा’ और ‘लालचंद’ तथा कहानी संग्रह ‘मधुवन’ से गुजरने का मुझे बाद में अवसर भी मिला। 

जिस साल देश भारतीय स्वाधीनता की पहली लड़ाई यानि 1857 का शताब्दी वर्ष मना रहा था, उसी साल मैंने प्रवेशिका परीक्षा में उतीर्ण होकर जैन काॅलेज में आई.ए. के प्रथम वर्ष में प्रवेश पाया था। उसी वर्ष काॅलेज की पत्रिका का नया नामकरण ‘अभियान’ हुआ था, जिसमें रामधारी सिंह दिनकर, रामदयाल पांडेय आदि कवियों की कविताओं के साथ मेरी भी कविता ‘वेदना’ शीर्षक से प्रकाशित हुई थी। यह मेरी दूसरी कविता थी। पहली कविता ‘कवि’ शीर्षक से लिखी गई थी, जिसका प्रकाशन 1955 में आरा के पुकार प्रेस से निकलने वाली मासिक पत्रिका ‘नागरिक’ के एक अंक में हुआ था। तब मैं नौवें वर्ग का विद्यार्थी था और उन दिनों मैं बाल हिंदी पुस्तकालय में नियमित पढ़ने जाया करता था। वहीं मुझे ‘आजकल’ जैसी पत्रिका में छपी निराला, पंत, महादेवी वर्मा या अन्य लेखकों की रचनाएं पढ़ने का सुयोग प्राप्त हुआ। जिन कवियों ने मुझे ज्यादा प्रभावित किया, उनमें निराला, प्रसाद और महादेवी मुख्य थे। मेरी प्रारंभिक कविताओं पर इनका प्रभाव पड़ा। मैं जब स्कूल में था तभी स्कूल लाइब्रेरी की पुस्तकों का अध्ययन मेरी प्रवृत्ति हो गई थी। उन दिनों मैं नेहरू की पुस्तक ‘डिस्कवरी आॅफ इंडिया’ और हिंदी की एक पुस्तक ‘युगारंभ’ से रू-ब-रू हुआ था। नेहरू की पुस्तक पढ़ने के दौरान मुझे अपने अंग्रेजी के शिक्षक श्री बद्री प्रसाद श्रीवास्तव से कभी-कभी कुछ पूछना पड़ता था और वे मुझे विस्तार से उसके बारे में बतलाते थे। ‘युगारंभ’ में निराला, पंत, महादेवी, प्रसाद, अंचल, दिनकर, बच्चन आदि की कविताएं संकलित थीं, जिन्हें पढ़ना मेरे लिए सुखद अनुभव से गुजरने जैसा था। उसी क्रम में दिनकर जी की एक पुस्तक ‘इतिहास के आंसू’ से भी गुजरने का मौका मिला था, जिसमें संग्रहित कविताएं मुझे प्रेरक लगी थीं। कहने का मतलब यह कि आरंभ में मुझे लिखने की प्रेरणा इन्हीं पुस्तकों से मिली। बाद में मैं लगातार कविताएं लिखता रहा, जो ‘अभियान’ के कई अंकों में प्रकाशित हुईं। उन्हीं में एक कविता ‘अस्तु वह सार’ भी थी, जो छंदहीन, किंतु लयात्मक थी। मुझे जैन काॅलेेज में एक काव्य-प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार भी मिला था, जिसमें पुरस्कार स्वरूप अंचल जी का एक काव्य-संग्रह और चतुरसेन शास्त्री का ‘सहयाद्रि की चट्टानें’ नामक उपन्यास प्राप्त हुए थे। तब मैं हिंदी आॅनर्स का विद्यार्थी था। उस समय हिंदी के प्राध्यापकों में मुख्य थे- प्रो. रामेश्वरनाथ तिवारी, डाॅ. कुमार विमल, डाॅ. पूर्णमासी राय, डाॅ. मुरली मनोहर प्रसाद, डाॅ. कपिलदेव पांडेय और डाॅ. लक्ष्मीकांत सिनहा। उन्हीं दिनों दिनकर जी का आगमन महाराजा काॅलेज के एक कार्यक्रम में हुआ था, जिसमें उन्होंने अपनी कविता पुस्तक ‘नील कुसुम’ से कई कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था। उस गोष्ठी की अध्यक्षता रामदयाल पांडेय कर रहे थे। इसी प्रकार जैन काॅलेज में भी समय-समय पर कई नामचीन साहित्यकार पधारे थे जिनमें मुख्य थे- आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, जैनेंद्र कुमार, केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात’ और नागार्जुन। इन लेखकों को सुनकर और पढ़कर हिंदी में लिखने और पढ़ने की रुचि का बढ़ना स्वाभाविक था। इस बीच मैं आरा के प्रमुख लेखकों- भगवती राकेश, वेदनंदन जी, विजयमोहन सिंह, चंद्रभूषण तिवारी, मधुकर सिंह, श्रीराम तिवारी, मनमोहिनीकांत आदि के संपर्क में आ चुका था। 

वर्ष 1961 में मैं काॅलेज से निकल चुका था। उन्ही दिनों मैंने वैदिक कविताओं पर एक लेख लिखा था जिसकी प्रेरणा मुझे प्रो. हरिमोहन झा द्वारा अनूदित कविताओं को पढ़कर मिली थी। वैदिक ऋचाओं में उषा, पर्जन्य आदि सूक्तों से पता चलता है कि प्रकृति के सान्निध्य में रहने के कारण हमारे ऋषि उस पर विविध भावों और विचारों की कविताएं भी लिखते थे। वैदिक कविताओं पर लिखे अपने लेख का पाठ मैंने एक गोष्ठी में किया था, जिसकी अध्यक्षता डाॅ. कपिलदेव पांडेय कर रहे थे, जिसमें कई लेखक मौजूद थे। मेरे लिए  इस तरह का यह पहला अवसर था। मैंने अपना गद्य-लेखन इसी निबंध से शुरू किया था। उसके कुछ ही दिनों के बाद शाहाबाद हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से अखबार में ‘जैनेंद्र किशोर जैन : व्यक्तित्व और कृतित्व’ पर लेख लिखने के लिए आमंत्रित किया गया था, जिस पर पुरस्कार घोषित था। मेरी रुचि इस विषय में यानि पुराने लेखकों पर शोध-कार्य में थी, अंतः इस संबंध में पुस्तकों की खोज मैंने शुरू कर दी। मुझे सकल नारायण शर्मा की जैनेंद्र किशोर पर लिखी पुस्तक के अलावा उनकी कई पुस्तकें ‘सोनासती’ और ‘गुलेनार’ जैसे उपन्यास, ‘दीवाने-जौहर’ नामक गजलों का संग्रह भी प्राप्त हो गए। बाल हिंदी पुस्तकालय और नागरी प्रचारिणी सभा में नागरी हितैषिणी पत्रिका के कई अंक देखने को मिले। उसी के एक अंक मेें जैनेंद्र किशोर द्वारा किया गया शेली की ‘दि क्लाउड’ कविता का हिंदी अनुवाद प्रकाशित था। इस प्रकार मैंने जैनेंद्र किशोर पर लंबा प्रबंध लिखा, जो बाद में आरा नागरी प्रचारिणी की पत्रिका ‘शोघ’ के एक अंक में प्रकाशित हुआ, जिसके संपादक बनारसी प्रसाद भोजपुरी थे। इसी निबंध पर शाहाबाद हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से मुझे 1961 में इक्यावन रु. का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। पुरस्कार देने के लिए पटना विश्वविद्यालय के तत्कालीन हिंदी विभागाध्यक्ष आचार्य भुवनेश्वरनाथ मिश्र ‘माधव’ आए थे। उक्त सभा में आरा के सभी साहित्यकार और हिंदी के प्राध्यापक उपस्थित थे। दरअसल यह एक घटना थी, जिसने मुझे सतत लेखन की ओर प्रवृत्त किया। इस बीच 1961 में ही मेरी शादी भी हो चुकी थी। 

बहरहाल वर्ष 1961 से मैंने आरा के दो स्कूलों में शिक्षण कार्य करना आरंभ किया, लेकिन दो वर्षों के बाद ही मैं रेलवे की नौकरी में धनबाद आ गया। रेलवे की नौकरी मुझे रास नहीं आई। इसलिए कुछ ही महीनों के बाद वहां से इस्तीफा देकर मैं आरा समाहरणालय में क्लर्क की नौकरी करने आ गया। हालांकि मेरी नियुक्ति महालेखाकार रांची के कार्यालय में भी होने वाली थी, लेकिन उसमें मेरी रुचि नहीं थी। आरा समाहरणालय की नौकरी ही मुझे पसंद आई और 1964 से 1976 तक इस सेवा में रहा। 1976 से सचिवालय की नौकरी में आ गया, जहां कई कवि, गीतकार, कथाकार पहले से मौजूद थे, उनमें वेदनंदन सहाय, सत्यनारायण, रामनरेश पाठक, गोपीवल्लभ, राजमोहन झा, कुलानंद मिश्र, हरिहर प्रसाद आदि प्रमुख थे। ऐसे ही माहौल में पटना के कई लेखक संपर्क में आए। वहीं रेणु जी से पहली बार भेंट हुई काॅफी हाउस में। मैं पटना काॅफी हाउस अक्सर जाता था, जहां बाबा नागार्जुन, कुमारेंद्र पारसनाथ सिंह, जितेंद्र राठौर, हरिहर प्रसाद, महेश्वर, सत्यनारायण आदि से भेंट हो जाया करती थी। कभी आरसी प्रसाद सिंह, डाॅ. खगेंद्र ठाकुर, हरिनारायण मिश्र, सतीश आनंद, परवेज अख्तर आदि आ जाते तो उनसे भी साहित्य चर्चा और जरूरी बातें होतीं। 

मैं 1976-1998 तक सचिवालय में सेवारत रहा और उस दौरान मुझे कलकत्ता, बेगूसराय, दिल्ली, रतलाम, बंबई, इलाहाबाद और भोपाल की गोष्ठियों में सम्मिलित होने का संयोग प्राप्त होता रहा। इस बीच पत्र-पत्रिकाओं के लिए लेख और कविताएं लिखता रहा। कार्य-व्यस्तता के साथ-साथ लिखना भी मुझे जरूरी लगता था, इसलिए मैं योजनाबद्ध ढंग से लेखन-कार्य करता रहा। मेरी जो किताबें प्रकाशित हुईं ज्यादातर इलाहाबाद के प्रकाशनों से प्रकाशित हुईं, लेकिन मुझे अपने प्रकाशन यानि विचार प्रकाशन की ओर से भी किताबें प्रकाशित करनी पड़ीं। अभी भी विचार प्रकाशन से पुस्तकें समय-समय पर प्रकाशित होती रहती हैं। मेरी पत्रिका विचार 1970 में छपी थी और चंद्रभूषण तिवारी की ‘वाम’ 1971 में निकली थी। 1964 में भी मैंने एक पत्रिका ‘साहित्य संसद’ का संपादन-प्रकाशन किया था। 

मेरा सरोकार पहले नवजनवादी सांस्कृतिक मोर्चा से था, लेकिन कुछ समय बाद कुछ कारणों से उससे अलग हो गया। उन दिनों मेरे पास कई पत्र-पत्रिकाएं ‘लोकदस्ता’, ‘आमुख’ आदि आती रहती थीं, जो नवजनवादी लेखकों की ओर से निकाली जाती थीं और जो एक प्रकार से भूमिगत थीं। उनमें जरूरी रचनाएं प्रकाशित होती रहती थीं, जो हमारे बीच होने वाली वैचारिक बहसों के लिए आधार देती थीं तथा वैचारिक समृद्धि में भी सहायक थीं। मेरी जो आलोचना पुस्तक ‘विश्व कविता की क्रांतिकारी विरासत’ है, उन्हीं विचार-विंदुओं को सामने रखकर लिखी गई थी। उसके अलावा जो मेरे द्वारा अनूदित पुस्तकें- ‘मार्क्सवाद और कविता’ तथा ‘साहित्य, संस्कृति और विचारधारा’ है, उनके पीछे भी वही वैचारिक कारण रहा है। मेरी अन्य पुस्तकें- ‘रचना और परंपरा’, ‘हिंदी आलोचना और इतिहास दृष्टि’, ‘राहुल सांकृत्यायन : व्यक्ति और विचार, शमशेर नागार्जुन मुक्तिबोध, निराला: आत्मसंघर्ष और दृष्टि’, प्रखर आलोचक रामविलास शर्मा, हिंदी कविता का जनतंत्र, कविता और संस्कृति- भी उसी दृष्टि से लिखी गई है।

दरअसल यह प्रसंग जन संस्कृति मच से जुड़ने के पहले का है। हालांकि इससे जुड़ने के बाद अंतिम दो पुस्तकें और अनेक लेख समकालीन चुनौती, समकालीन जनमत, अभिधा, अभिनव कदम, कथांतर, अक्सर, कथन और संबोधन अदि पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए। इस जुड़ाव के बाद मेरी सक्रियता भी बढ़ी है। इस बीच साहित्यिक-सांस्कृतिक संगोष्ठियों और सम्मेलनों में शामिल होने के लिए वाराणसी, इलाहाबाद, दुर्ग और गोरखपुर आदि जगहों की यात्राएं भी मैंने की है।  यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ऐसा यकीन है। अभी भी मैं लगातार लिख रहा हूं। पत्रिकाएं मेरे लेख प्रकाशित करती हैं, मुझे अच्छा लगता है। ‘समकालीन कविता का सौंदर्यशास्त्र’ नाम की एक पुस्तक प्रकाशित होने वाली है। कहानियों और उपन्यासों से संबंधित लेखों के दो संकलनों के अतिरिक्त प्रेमचंद साहित्य और हिंदी की कथालोचना पर दो पुस्तकों के प्रकाशन की योजना है। 


अपनी पत्नी और बाल-बच्चों के बारे में गुंजन जी ने इस आलेख में कुछ नहीं लिखा है। आलेख के अंत में उन्होंने सिर्फ यह सूचना दी है-

मेरे पिता जी का देहांत 1976 में और मां का 1977 में हो गया था। 
मेरे तीसरे पुत्र विनय कुमार का आकस्मिक निधन 9 सितंबर 1999 को हो गया था। 
मेरी पत्नी शकुंतला वर्मा का निधन 30 जुलाई 2014 को हो गया। 

जाहिर है मां, बाप, बेटा, पत्नी- ये सर्वाधिक करीबी रिश्ते हैं। इनमें से किसी का भी निधन व्यक्ति को बहुत आहत करता है। लेकिन रामनिहाल गुंजन अपने इन व्यथाओं को कभी भी सार्वजनिक नहीं करते। हां, उनकी कविताओं में जरूर यह वेदना आकार पाती रही हैं। अपने पच्चीस वर्षीय पुत्र विनय कुमार की असामयिक मृत्यु और अपने पिता की स्मृति में उन्होंने कविताएं लिखी है। हाल में प्रकाशित अपने तीसरे कविता संग्रह ‘समयांतर तथा अन्य कविताएं’ को उन्होंने अपनी पत्नी शकुंतला जी को समर्पित किया है.
विस्मृति गुंजन जी के स्वभाव में शामिल नहीं है। सब उनकी स्मृतियों के हिस्से हैं, सबके प्रति एक कृतज्ञता का भाव उनके लेखन और व्यवहार में दिखता है, जो जीवन में संग साथ रहे उनके भी और जिनकी वैचारिक विरासत से वे प्रेरित रहे और जो उनके वैचारिक हमसफर रहे उन सबके भी। गुंजन जी आरा और बिहार के उन गिने-चुने साहित्यकारों में हैं, जिनके पास पिछले पचास-साठ साल की साहित्यिक पत्रकारिता, आन्दोलन और आयोजनों से जुडी अनगिनत यादें हैं. खासकर शाहाबाद का साहित्यिक इतिहास लिखने की उनकी पुरानी तमन्ना है. वे अगर अपने संस्मरणों को सिलसिलेवार लिखें तो हम अपने साहित्य-इतिहास के कई अनजाने पहलुओं से रूबरू हो सकते हैं. एक छोटी सी कहानी उन्होंने मुझे एक बार सुनाई थी, जिसमें एक राजा इतिहासकारों को कहता है कि सारे पुराने इतिहास जला दो और लिखो कि इतिहास आज से यानी मेरे शासनकाल से शुरू होता है. एक बूढ़े इतिहासकार को छोड़कर सारे बड़े-नामी इतिहासकारों ने उस राजा का कहा माना. लेकिन सत्ता की चकाचौंध से दूर अपनी कोठरी में बैठे उस बूढ़े इतिहासकार ने इस प्रसंग को भी इतिहास के लिए दर्ज कर दिया. कई बार रामनिहाल गुंजन मुझे उस बूढ़े इतिहासकार की तरह ही लगते हैं. 
इसी प्रसंग में उनकी एक कविता  'इतिहास बनते लोग' याद आ रही है-
इतिहास बनते जा रहे हैं लोग
शब्दों के घेरे से बाहर निकल कर
अपनी यादें सुुरक्षित कर
किताब के उन पन्नों में 
जो रचे गए थे
उन्हीं के हाथों
दिनों, महीनों और वर्षों में

कभी खत्म नहीं होती हैं शब्द यात्राएं
वे जारी हैं आज भी-
निरंतर
अक्षरों की खेती करने वाले और
हजार-हजार हाथों से
बीजाक्षर उपजाने वााले 
उन शब्द-शिल्पियों के द्वारा
जो सलीके की जिंदगी जीने की बजाय
सिखाते हैं
सलीके का आदमी बनाना। 

Wednesday, April 1, 2015

इदू बाबा, किस अदालत में आपकी मौत के मामले में न्याय की अपील करूं?



बड़ी ही त्रासद खबर थी। इदू बाबा को आर्थिक तंगहाली, बीमारी और घरेलू कलह से मुक्ति की राह रेल की पटरियों के बीच मिली। घर से बाजार इलाज के लिए गए थे, लेकिन वहां से करीब दस कि.मी. दूर रेलवे स्टेशन चले गए और रेल से कट गए। 29 मार्च को इलाहाबाद में था, जब मंझले भाई ने फोन से उनकी मौत की खबर दी। बिल्कुल स्तब्ध रह गया। नहीं यह खुदकुशी नहीं है, जिस तरह ग्रामीण गरीबों और मेहनतकश किसानों-खेत मजदूरों को मौजूदा आर्थिक व्यवस्था मौत की ओर धकेल रही है, उसकी ही एक कड़ी है उनकी मौत। 

बचपन से ही इदू बाबा को मेहनत मजदूरी ही करते देखा। शरीर बिल्कुल छरहरा-तना हुआ और रंग मानो धूप की ताप से गढ़ा हुआ और मन सबके प्रति प्रेम और स्नेह से भरा हुआ। वे ज्यादातर खेती का ही काम करते थे, गांव में जब किसी का घर बनता, तो उसमें भी वे काम करते थे। किसी से कभी भी उन्हें लड़ते-झगड़ते नहीं देखा। न ही कभी बेईमानी या काम से जी चुराने की कोई घटना उनके बारे में सुनी। 

गांव में मुस्लिम समुदाय के कुछ ही परिवार हैं। उन्हीं में से एक उनका परिवार है। उनकी बड़ी बेटी सायरा मुझसे एक क्लास सीनियर थीं। पढ़ने में तेज थीं। मैं दो वर्ष शहर में रहकर आया था और सीधे तीसरे क्लास में दाखिला लिया था। उस वक्त अंग्रेजी अच्छी थी। लिहाजा अंग्रेजी के होमवर्क के समय सायरा दीदी कभी-कभी मुझे याद करती थीं। वहां जाने पर किसी न किसी अनाज का भूंजा जरूर मिलता था। अक्सर मुझे लगता है कि अगर उनके परिवार की स्थिति अच्छी होती, तो वे आगे भी पढ़ सकती थीं। लेकिन प्राइमरी स्कूल से आगे उनकी पढ़ाई नहीं हो सकी। 

बचपन में जब हमारे यहां तीन पक्के कमरे बने, तब भी इदू बाबा का घर मिट्टी का था और बहुत दिनों तक वैसा ही रहा। लेकिन जैसा कि छोटे किसान और मजदूर के बीच का अटूट संबंध होता है, वैसा ही अपनापे का संबंध था। अगर दादा और पिता जी की सरकारी नौकरी न होती, तो हम भी किसी संकट के दौर में मजदूर वर्ग की श्रेणी में आ सकते थे, जैसा कि हमारे समुदाय के कई परिवारों की स्थिति थी।

वक्त गुजरता रहा। हम तीनों भाई पढ़ाई-लिखाई के सिलसिले में शहर आ गए। एक-एक करके इदू बाबा के बेटियों की शादी हो गईं। दो बेटियां सपरिवार यहीं आकर उसी घर में रहने लगीं। मां से इदू बाबा के परिवार की खबर हमलोगों को मिलती रही। इदू बाबा की पत्नी यानी हमलोगों की इदू बहु दादी से उनका अच्छा संबंध था। हमेशा आड़े वक्त भी उनकी मदद के लिए तैयार रहती थीं। हमेशा मुझसे कहतीं कि ये लोग बहुत गरीब हैं, कि देखो इनका नाम बीपीएल में से कटवा दिया लोगों ने, कि क्या इनको गरीबों के लिए चलने वाली योजनाओं का लाभ नहीं मिलना चाहिए, कि इसका मतलब क्या है कि लड़कियां-दामाद घर में रहते हैं तो उन्हें उन योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा, ऐसी कोई शर्त है क्या? दिसंबर 2013 में जब मां गुजरीं, इदू बहु दादी बहुत दुखी थीं। अचानक एक दिन वे कुछ पैसे लेकर हमें देने आ गईं, मालूम हुआ कि किसी दिन मां की अनुपस्थिति में भाई से वे चोकर लेकर गई थीं, उसी की वह कीमत है। पैसे तो हमने नहीं लिए, जब नहीं मानीं, तो भाई ने कहा कि ठीक है उसके बदले कभी गोईंठा दे दीजिएगा। ऐसी संवेदनशील और स्वाभिमानी इदू बहू दादी ने किस तरह इदू बाबा की मौत की खबर का सामना किया होगा, मेरी कल्पना से बाहर है। इदू बाबा भी तो उतने ही स्वाभिमानी थे। अपने जांगर पर उन्हें गहरा भरोसा था और अपनी मेहनत पर नाज।

हां, जिनके लिए मैं कुछ नहीं कर सका, उनमें से आप भी एक हैं इदू बाबा। एक अपराधबोध-सा है मेरे भीतर। मुझे याद है उस रोज आप गांव से बाहर नहर पर पीपल के पास सुबह-सुबह मिले थे और मैंने मोबाइल कैमरे से आपकी तस्वीर खींची थी। आज आपकी तस्वीर देख रहा हूं। 13 नंवबर 2012 की है यह तस्वीर। मैंने प्रणाम किया, हालचाल पूछा और आपको पहली बार मैंने लाचार पाया। आप खेत में बोझा बांधने जा रहे थे, जिसके बाद उसे ढोकर खलिहान तक ले जाने का काम भी आपको ही करना था। आपने कहा था- ‘‘अब शरीर साथ नइखे देत बउवा। कहीं कवनो काम मिले त देखिहऽ जवना में ऐतना मेहनत ना होखे। कौनो आॅफिस में चायो पिलावे के काम मिल जाई त कर लेब।’’ 

मैंने आश्वासन दिया कि देखूंगा। घर आकर मां से इसका जिक्र किया तो उन्होंने उनके परिवार की अंदरूनी हालात के बारे में बताया। आरा में भी एक-दो साथियों से बात की, कि किसी को भी छोटे-मोटे काम के लिए किसी व्यक्ति की जरूरत हो तो बताएं। दिल्ली और इलाहाबाद में भी एकाध साथियों से जिक्र किया। लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। लगातार अपनी व्यस्तताओं और भागदौड़ में मैं भूल गया कि मैंने इदू बाबा को कोई आश्वासन दिया था। मां के निधन, अपनी अस्वस्थता के सिलसिले और नौकरी खत्म हो जाने के बाद की परिस्थितियों ने मेरे दिमाग को जकड़े रखा। अब लगता है कि जब उन्होंने कहा था, उसी दौरान अगर थोड़ा रुककर मैं कोशिश करता, कुछ और ज्यादा लोगों से मिलकर इस बाबत बात करता, तो शायद कहीं कोई थोड़े आराम का काम उन्हें जरूर मिल जाता। मैं आपके लिए कुछ नहीं कर पाया इदू बाबा, इसका अफसोस मुझे ताउम्र रहेगा। 

इदू बाबा, जब आपकी मौत की खबर मुझ तक पहुंची, मैं चार रोज पहले गुजरे एक प्रोफेसर और साहित्यकार की एक कहानी के एक बूढ़े चरित्र के बारे में सोच रहा था। मुझे उस साहित्यकार की श्रद्धांजलि सभा में बोलना था। उस कहानी में किराये के घर के एक कमरे में पड़ा एक बीमार बूढ़ा अपने जीवन के बारे में सोचता है तो उसे लगता है कि वह असफल इंसान है। उसकी असफलता का पैमाना जमींदारी वाला उसका अतीत है। जहां उसने हरे-भरे फार्म के बीच वह एक छोटा सा बंगला बनाना चाहा था। लेकिन जमींदारी नहीं रह जाती। खेत बिकते चले जाते हैं। उस बीमार वृद्ध को शिकायत है कि हरवाह जिसका परिवार उसका पुश्तैनी मेहतर था और जिसे खुद उसने दो बीघा जमीन दी थी, जिसका चाचा सूद पर रुपये चलाता है, वह उसे शोषक क्यों कहता है? कम्युनिस्टों और नक्सलियों से उसे शिकायत है। उसकी शिकायत यह है कि जो मार्क्सवादी एमपी है, वह उसी के घर रहकर पढ़ा करता था, अब वह मकान बना रहा है, खेत खरीद रहा है, दुकान चला रहा है और उसे शोषक बताता है। वृद्ध जिसने गांव के घर में कमरे नहीं गिने थे कि कितने थे, वह एक कमरे और उसके सोफे में पड़ा हुआ बताता है कि वह कभी अदालत नहीं गया। वह पाठक को ही अपनी अदालत बताकर एक तरह से न्याय की अपील करता है।

इदू बाबा, मैं किसकी अदालत में आपकी मौत के मामले में न्याय की अपील करूं? आपके पास तो उस कहानी के बूढ़े जैसा कोई स्वर्णिम अतीत भी नहीं था। हां, गर्वीली गरीबी थी, मेहनत का स्वाभिमान था। मां बताती थी कि आप मेरे पिता जी से उम्र में कुछ ही बड़े थे। यह कैसी व्यवस्था है, जहां आप जैसे सत्तर-पचहत्तर साल के वृद्ध को भी हाड़तोड़ मेहनत करने के लिए मजबूर होना पड़ता है? आप तो जिंदगी से मुक्त हो गए, इदू बाबा। आपका तो अंत हो गया। लेकिन सवाल तो बना हुआ है! और यह सवाल अपनी ही असफलता के दुख से घिरे कहानी के उस बूढ़े को भले न दिखाई दे, लेकिन कहानी से बाहर यह करोड़ों मेहनतकशों और गरीबों का तो सवाल है। आप कोई कहानी नहीं इदू बाबा, आप एक जीवित सवाल हैं। एक ऐसा सवाल जो किसी न किसी रूप में हम सबका पीछा कर रहा है, जिससे जान बचाकर शायद हम भाग नहीं सकते।

Thursday, February 19, 2015

दुश्मन (कहानी) : मधुकर सिंह


दुश्मन 
                                            मधुकर सिंह

पुलिया पर जवानों के अलावे बूढ़े भी थे और सूअर के छौने जैसे दर्जनों बच्चे। बाड़े के भीतर से सूअरों का रिरियाना शोरगुल को अंदर-अंदर चीरता हुआ आकाश में ऊपर निकल जाता था। खुशी के मारे औरतें बीता-भर जमीन के भीतर खुरपी धंसाकर हांफती हैं और भूख को पेट के भीतर दबाए जा रही हैं। भीखम ने लड़कों को डपटकर कहा, ‘जा, भाग जा यहां से। जगेसर मोटर में आएगा। कुचलकर साले चींटी की तरह मर जाओगे।’

लड़के तालियां पीटकर खूब हंसते हैं। मगर सबको भीखम की सुर्ख आंखों से बड़ा डर लगता है। वे खुशियां कुचलते हुए पुलिया के नीचे उतर जाते हैं। 

‘अगवानी कौन करेगा?’ कोई युवक पूछता है।

‘मैं करूंगा, और कौन?’

भीखम ने मुस्कुराकर सुर्ख आंखें छिपा ली हैं। टोले के लोग भीखम को तब समझेंगे जब देखेंगे कि वह भी जगेसर की मोटर में आ रहा है। मगर माथा ठनका। परसों-चौथे रोज बी.डी.ओ. ने पर्चे की बात चलाई थी और तकरीबन सबसे दरखास्त मांग ले गया है। ठाकुर का साला कल रात कुछ लठैतों के साथ धमकी दे गया, अगर बासगीत जमीन की फिर से बात चली तो खून की धारा चलेगी। किसने कहा यह जमीन गैरमजरुआ मालिक है, हमने सालों के पुरखों को बसाया था, जब चाहेंगे निकाल देंगे।

‘क्या सचमुच ठाकुर का साला हमारी बहुओं की छाती काटेगा?’ भीखम ने हवा में सवाल को फेंक दिया है। 

‘संयोग समझो कि उसी जमीन पर जगेसर का भी नया मकान बन रहा है। यही तो देखना है कि जगेसर अपने को अलग कैसे कर लेता है।’

‘घटना टाली नहीं जा सकती न?’

‘जगेसर साथ दे दे, हम लाठी-बर्छे के साथ तैयार हैं। फिर ताकत की बात रह जाएगी कि कौन किसकी छाती काट लेता है।’

भीखम का निश्चय पहले हवा में घुल रहा है। धूप फैलते जगेसर गांव पहुंचेगा। मगर धूप काफी ऊपर छलांग मार चुकी है। जगेसर की गाड़ी का कहीं पता नहीं है। मिनिस्टर होने की वजह से ही तो देर नहीं कर रहा है। 

‘जगेसर होगा, औरत होगी, लौंडे होंगे- और...?...और...?’

‘दो-चार चपरासी। क्या बी.डी.ओ को कभी नहीं देखा?’

‘बी.डी.ओ तो नंबरी है। यह भी तो ठाकुर और मुखिया के ही जमात का है।’

‘आएगा, जगेसर का नाम सुनेगा तो आएगा- उसका बाप आएगा।’

इस टोल में कैसे कोई संभव है। थाना, पुलिस, गांव, शहर, पंचायत, सरकार और जगेसर- सब तो एक ही शैतान का नाम है। 

‘जगेसर जब से राजनीति में गया, एक भी चिट्ठी नहीं दी।’ 

‘सबको चिट्ठी लिखना संभव कैसे है? यहां बी.डी.ओ से पता नहीं चलता कि कितना काम रहता है? जीप की हालत खराब रहती है।’

‘मगर जगेसर इतना तो कर सकता है कि तुम्हारी चिट्ठी में सबको याद कर ले। ऐसा वह क्यों नहीं करता?’ रह-रहकर लोगों में गुस्सा उठता है। मगर यह गुस्सा किस पर है? जगेसर तो अपना है, अपना हिस्सा- अभिन्न और खून।

‘खुशबूदार गंध आ रही है।’ लड़के चहकते हैं। 

‘साले भूखड़ कहीं के!’ भीखम उन्हें डांटता है।’ भीखम उन्हें डांटता है। 

‘दो सूअर और एक मन भात जगेसर काका अकेले खाएगा?’

‘नहीं तो क्या तेरा बाप खाएगा?’

लड़कों की आंखें फट जाती हैं, बाप रे! जगेसर काका मिनिस्टर है कि राकस। वे लोग इतना खा जाते हैं? इसी तरह के बीस-पच्चीस मिनिस्टर हो गए तो गांव-जवार के सब सूअर और भात खाएंगे। 

‘सारे गांव को वे लोग हजम कर जाएंगे तो हम रहेंगे कहां?’ एक युवक बहुत सोच-विचार के बाद पूछता है।

‘रहना जगेसर के ठेंगा पर।’

कोई वयस्क लड़कांे को डांटता है, ‘अब हटो यहां से। हंसी-मजाक का समय नहीं। हमलोग कुछ गंभीर बात कर रहे हैं।’

लड़के गदगद होकर उधर खेत में उतर जाते हैं और मछली की तरह भूख से छटपटाने लगते हैं- जगेसर काका की प्रतीक्षा सही नहीं जा रही है। 

उससे एक बात जरूर पूछनी है- ‘आदमी सरकार होने के बाद आदमी क्यों नहीं रह जाता?’

‘खान-पान बदलने से खून बदल जाता है।’

‘तुम लोगों ने कुछ सुना है? ठाकुर हमारे सर्वनाश के लिए किसान-सम्मेलन और जुलूस-प्रदर्शन कराएगा। दो सौ रुपये आदमी बिक रहा है।’

‘हमें धरती और दुनिया से बेदखल करेगा?’

‘नहीं, खाली गोली से मार देंगे।’

‘जगेसर से कौल लेना है कि हमारा साथ देगा या नहीं?’

सारी तैयारी खत्म हो चुकी है। इंतजामकर्ता भीखम से पूछने के लिए दौड़ा आ रहा है। उनके पास अब कोई काम नहीं है। उन्हें अब क्या करना चाहिए? जगेसर बाबू नहीं आएगा क्या? वह सबको सब्र और धीरज देकर लौटता है, ‘जगेसर बाबू जरूर आएगा। तुम सब जाते क्यों नहीं? पुलिया पर मैं अकेला रहूंगा।’

‘यहीं हमलोग उसे मोटर से उतार लेंगे और कंधे पर गांव ले चलेंगे। अधिकांश लोगों की ऐसी इच्छा है।’

‘पुलिया से गांव तक जो सड़क हमने जगेसर बाबू के लिए बनाई है अपना जगेसर उसी सड़क से आएगा। देखना है, बी.डी.ओ. रास्ता नहीं होने का कैसे बहाना करता है और पर्चे ठाकुर के दरवाजे पर बुलाकर देता है?’

‘जगेसर कंधे पर होता तो बड़ा मजा आता।’ कोई बूढ़ा बोलता है। 

‘धत्’ भीखम चिल्लाता है, ‘जिंदगी-भर करमहीन रहोगे। हमने जो सड़क बनवाई है आखिर उस पर चलेगा! ठाकुर सारी दुनिया को अंधकार में रखता है कि हमारे जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। बासगीत जमीन के लिए दरखास्त नहीं लिए जाएंगे! जगेसर को इस रास्ते से जाना ही होगा।’

‘जगेसर हमारे साथ खाएगा न!’

‘उसका बाप खाएगा। सरकार की तरह नहीं, आदमी की तरह खाएगा।’ भीखम पुलिया पर अकेला नहीं हो पाता है। अकेले में बहुत तरह की बातें दिमाग को सताती हैं। जगेसर को भी हमारे खिलाफ नफरत तो नहीं है! यहां आता तो देखता जगेसर कि लोग उसके नाम पर कितना जिंदा और ताजा हैं। सब काम-धंधा छोड़ आए हैं। औरतें व्रतमुद्रा में बैठी हैं। मगर अब सब कुछ बेमजा हो रहा है। उसने जेब से कागज और कलम काढ़ी है और दो-चार सवाल जगेसर के लिए नोट करता जा रहा है। उसे जवाब देना पड़ेगा, वरना वह भी हमारा दुश्मन है। एक सवाल बराबर उसे चोट मारता है, अगर ठाकुर जगेसर को बेदखल नहीं कर सकता तो और लोगों को कैसे कर सकता है! भीखम बेचैनी में पुलिया से नीचे उतरता है और पानी के ऊपर ईंट के टुकड़े उठाकर फेंकता जा रहा है। मगर वह किसको मारता है! दो-चार मछलियां नजर आती हैं। भीखम को हंसी आती, लोगों के साथ मछलियां ही पकड़ी जातीं। क्या किया जाए? जगेसर को अगर ऐसी व्यस्तता थी तो खबर भेज देनी चाहिए थी। वह तो शहर में जाकर जगेसर से निपट सकता है, मगर इनका क्या होगा! 

लोगों का दूसरा झुंड फिर चला आ रहा है। उसे संदेह होता है, कहीं जगेसर किसी दूसरे रास्ते से तो नहीं पहुंच गया। वह रास्ता कहां है! 

‘फिर क्यों चले आए तुम लोग?’ वह भूख और गुस्से से तिलमिला रहा है। 

‘तुम पहले चलकर खा लो, भूख लगी होगी।’

‘सब लोग मिलकर खाएंगे।’

भीखम नदी से पानी पीकर उनके पास जाता है और एक की गर्दन को पंजे से रगड़ते हुए कहता है, ‘तुम सब वहीं क्यों नहीं रहते! जगेसर के साथ मैं चला जाऊंगा। ऐसा क्यों नहीं सोचते कि वह सरकार है?’

लोगों का थका हुआ झुंड फिर लौटता है।

भीखम को गुस्सा बहुत चढ़ता है और खत्म भी हो जाता है। इंतजार इतना तनता जा रहा है कि वह गालियां बकता है। उसकी गाड़ी तो आ ले, छूटते ही पहला सवाल करता, ‘अच्छा जगेसर यह तो बताओ, बी.डी.ओ भी तुम्हारे साथ आएगा?’

‘आना पड़ेगा’, जगेसर जवाब देता।

‘हमारे न्योता पर बी.डी.ओ आता क्यों नहीं?’

‘वह शाकाहारी होगा।’

‘बहुत ठीक। जगेसर भाई बहुत ठीक। तुम तो हमारे घर के आदमी हो, अपने सवांग हो। तुम्हारा इंतजार हमें क्यों है?’

भीखम के सवाल के जवाब में भीखम के मुंह से ही आवाज निकलती है, ‘वह साला क्या बताएगा, वह तो बी.डी.ओ का चचा निकल गया। तरह-तरह की बातें बताएगा। क्या कहेगा, सो सबको जानकारी है।’ ‘अच्छा एक बात और। ठाकुर की ड्योढ़ी में हजारों मन गेहूं क्यों है!’ इतना बड़ा मजाक शायद जगेसर नहीं सह सके। मजाक सहने के पहले ही वह मिनिस्टर बन गया है। गांव के लोगों जैसा मजाक सहना पड़े तो बैलून की तरह फट जाए।

कड़ी धूप की हवा उसे जला रही है। दूर से आती हुई बैलगाडि़यों से यही लगता कि धूल उठाती जगेसर की मोटर आ रही है। वह बीड़ी में मन को लगाता है। उसने जगेसर को बढि़या सिगरेट पीते हुए देखा है। खुशबू से तबीयत भर जाती है। बहुत आग्रह के बाद भी भीखम उसका सिगरेट नहीं छूता। बराबर उसकी कोठी पर जाता-आता रहता है। पी.ए. ती.ए. सब उसे पहचानते हैं। बाभन पी.ए. है- लंबी चुटिया और तिलक वाला। बहुत लोग तो उसे जगेसर का भाई समझ लेते हैं। गांव चलने के लिए पूछने पर कहता है, चलता- मगर लड़के वहां बिगड़ जाएंगे। वहां कोई सुसायटी नहीं है। आ तो जाए, खूब मजा आएगा।

उसने देखा कि लोग फिर इकट्ठा हो रहे हैं, मगर यहां नहीं, वहां सड़क पर जिसे उन्होंने जगेसर के लिए बनाई थी। वे लोग जगेसर को कंधे पर उठाने की बात को फिर से तो नहीं सोच रहे हैं? एकदम गलत बात है। आखिर वे बेवकूफ उसे भगवान बनाने पर क्यों तुले हुए हैं? अगर भगवान बन गया तो फिर कभी हाथ नहीं आ सकता। अब तक यही होता रहा है। 

उसका माथा सोचने से उड़ने लगता है, जैसे माथा, माथा नहीं- चूल्हे का तवा हो। लोग जगेसर के लिए नारे लगा रहे हैं। क्रोध चढ़ने लगता है- सालों को एक-एक कर बताऊंगा। उन्हें मना किया है कि जगेसर नारों से बहक जाएगा। फिर तो उसे संभालना मुश्किल हो जाएगा। लोग वहीं काम कर रहे हैं जिसमें कि जगेसर उसका नहीं रहे। वह चिल्लाता जा रहा है, मगर शोरगुल और नारों के बीच कोई नहीं सुनता। वह झोंक से दौड़ जाता है। 

‘बंद करो नारे।’ उसके काले चेहरे के भीतर गुस्सा सिकुड़ा हुआ है। 

‘जगेसर हमारा नेता है।’

‘मगर नारा और फूलमालाओं के लिए तो मना किया था न? मेरी बात क्यों नहीं समझे।’

वह देखता है कि बहुत पीछे आकाश में धूल उठ रही है और लोग अपनी खुशी को संभाल नहीं पा रहे हैं। भीखम के क्रोध के भीतर से अचानक मुस्कुराहट फूट जाती है। वह उन्हें समझाता है- दोनों तरफ कतार बांधकर खड़े हो जाओ। जगेसर खुद गाड़ी रोक देगा। मगर वे उसकी समझ और काबू के बाहर थे। धूल देह से लिपट गई है और मोटर उसमें डूब गई है। भीखम उसे रोकने के लिए बीच में खड़ा हो जाता है। वे धूल में ताकने की कोशिश करते हैं। लड़कों की आंखें भर गई हैं और वे बहुत दूर भाग रहे हैं। और लोग खेतों में उतर जाते हैं। कोशिश करता है, मोटर के लोग उसे पहचान लें। मगर बीच में धूल काफी मोटी हो गई है। वह जोर से आवाज लगाता है। एक हाथ मुर्दों की तरह बाहर लटकता दिखलाई पड़ता है और मोटर चलती जाती है। वह उनसे आग्रह करता है, ‘सब लोग मिलकर चलो। सारा प्रोग्राम एक साथ करेंगे।’ मगर सुनता कौन है? सब-के-सब भाग रहे हैं। वे मोटर से भी आगे भागना चाहते हैं- आपस में विचित्र किस्म की होड़ है। 

भीखम का सब किया-किराया बंटाधार हो गया। वह गालियां बकता हुआ एकदम मंथर चलने लगता है, ‘जा ससुरा सबके लिए जगेसर शहर से ठेंगा ले आया है। आफत पड़ने पर हमारे पास आए तो बांस कर दूंगा?’

जगेसर अच्छी तरह जान गया है कि सबसे अलग-अलग बात की जाती है। लोग सामूहिक बात पसंद नहीं करते हैं। उन्हें बराबर एहसास रहता है कि हमें कितना पूछ रहा है। उसके भीतर का जगेसर बड़ी कुटिलता से उन्हें भांप गया है। इसीलिए जगेसर की कुटिलता जगेसर से पूछती है, ‘कब चलोगे यहां से?’

‘सूरज के अस्त होने के पहले।’

‘गांव के सुख-दुख में फंस तो नहीं जाओगे?’

‘बिल्कुल नहीं, तुम्हारी कसम।’

‘इनके कितने सवालों का जवाब दोगे?’

‘बेचारे कितने भोले हैं।’

‘भोले नहीं, उल्लू हैं।’

‘यहां गाली मत बको, उधर खूब मजाक उड़ाना।’

उसके पीछे किसी ने कुर्सी लाकर रख दी है और जगेसर उस पर बैठ गया है। धीरे-धीरे सभी जगह पर बैठते जा रहे हैं। उन्होंने देखा कि जगेसर पहाड़ की नोंक पर बैठा है और वे दूर तक घाटियों में फैलते जा रहे हैं। कौन गांव की बात शुरू करे, भीखम तो अभी तक आया नहीं है। जगेसर उन लोगों से क्या बात कर सकता है? लोग उस चुप्पी को तोड़ने के लिए पीछे घूमकर देखते हैं कि औरतें-लड़कियां किस प्रकार बेपर्द होकर जगेसर को घूर रही हैं। या, फिर लड़कों को आंख दिखा रहे हैं कि शोरगुल हुआ तो उठाकर फेंक देंगे। 

‘कहो भरोसा भाई, अच्छे हो?’ जगेसर सन्नाटा तोड़ता है। 

‘अच्छा हूं, भइया।’ हालांकि भरोसा से जगेसर तीन साल छोटा है। 

‘और क्या नाम है तुम्हारा...?’

‘दुखित।’

‘दुखित, तुम कोई नौकरी चाहते हो?’ वह कुटिलता से विचार करता है, थोड़ी देर में यही कहेगा कि नौकरी दिला दो। 

‘पूरे टोल पर आफत है।’

‘और, तुम मानिक दादा...?’

‘परमात्मा से यही प्रार्थना है कि दुनिया में सबसे गरीब और छोटा नाम हटा दो।’

‘सोमारू ठीक से रहता है?’

‘उसकी जवानी में घुन लग गई है।’

वह वक्र होकर बूढ़े को ताक रहा था।

भीखम आया तो आश्चर्य से उसकी आंखें फट गईं। जगेसर के साथ ये लोग कैसे आए हैं। तो क्या इसीलिए उसने गाड़ी नहीं रोकी, उसके साथ ठाकुर और बी.डी.ओ बैठे थे? चलो अच्छा हुआ, ठाकुर और बी.डी.ओ. की कंठी टूट तो गई- (वे लोग इस टोल में आ गए)। फिर भी वह जगेसर को देखकर हंसा। कोई कुर्सी खाली नहीं थी। जगेसर, ठाकुर और बी.डी.ओ बैठे थे। तब भीखम कहां बैठे? वह कुर्सी पकड़कर जगेसर के पीछे खड़ा हो गया। वह इंतजार करने लगा कि जगेसर उससे कुछ कहे। परेशानी तो सबके लिए एक ही है जो काल बनकर यहां तक पहुंच गई है। 

‘तुम भी बैठते क्यों नहीं? पीछे काहे खड़े हो?’ बी.डी.ओ. ने उसे टोका। 

‘हां भीखम, कहीं बैठ क्यों नहीं जाते?’

भीखम ने आंखें तरेरकर जगेसर को देखा। क्या जगेसर कुर्सी छोड़कर नीचे नहीं बैठ सकता था? या, फिर तीनों जमीन पर बैठते, सब लोग बैठे रहे हैं। इनके मकान में कुर्सियों की क्या कमी है?

ससुरे लोग कितने उल्लू हैं। किसी ने प्रतिकार तक नहीं किया। सबकी छाती पर माधो ठाकुर फिर यहां आ गया है। जैसे ठाकुर बाभन हो गया है। वह भी जमीन पर नहीं बैठ सकता।

‘बैठ न, भीखम।’ जैसे जगेसर ने उसे अपनी आवाज से पकड़कर नीचे दबा दिया हो। उसी के पैर के नीचे धम-से बैठ गया। 

‘और बोलो, कैसा कट रहा है?’

‘हम लोग तो भारी आफत में पड़ गए हैं।’

‘वहां भी सरकार आफत में ही चल रही है।’

जगेसर ने देखा कि सब अपने-अपने घर से लोटा लाकर गोलाकार बैठ गए हैं। उसे हंसी आती है। बाप रे! ये लोग कितने भुक्खड़ हैं! भरसक लोग इनसे घृणा नहीं करते। 

मगर वे काफी भूखे थे। जगेसर के लिए और भीखम के लिए जगह छोड़कर सभी बैठे थे। वे पत्तल में भात को जगेसर बुझकर बहुत सहमे हुए थे। भीखम बोला, ‘लोगों ने शौक से तुम्हारे लिए मांस-भात पकाया है। सब लोग और बच्चे भी तुम्हारे लिए व्रत रह गए हैं। वे पत्तल पर कब से तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं।’

‘मेरा खाना तो ठाकुर जी के यहां बना है।’ वह सहज भाव से कह गया। लेकिन लोग सकते में आ गए। 

‘तब इनके व्रत का खाना क्या होगा?’

‘और मिनिस्टर होने के बाद मैंने मांस भी छोेड़ दिया है।’ उसने तीन गज लंबा जनेऊ कमीज के भीतर से निकालकर लोगों को हैरत में डाल दिया। 

‘क्या तुम सचमुच हरिजन नहीं रहे?’

भीखम गज-भर जमीन ताकने लगा, जो अपनी होती और फट जाती। ससुर जगेसर राम की गर्दन पकड़कर उसी में समा जाता, मगर ऐसी धरती कहां है? कौन है धरती जो भीखम को और टोले को अपमान से बचाने के लिए फटेगी? सभी जगह तो इसका- उसका पंजा है। सब खूंखार और शैतान है। उसने चिल्लाकर कहा, भाई रे! अपना मिनिस्टर बाबू भी बड़ा आदमी हो गया है- माधो ठाकुर। इसके जय-जयकार से आकाश को चीर दो। ऐसा जोर लगाओ कि तुम्हारे पैर की धरती फटकर बेेकाम हो जाए, जहां जगेसर को दुबारा नहीं आना पड़े।

जगेसर माधो ठाकुर के दरवाजे की ओर जा चुका था। उन्होंने जगेसर को जिंदा रखने के लिए जोर से नारे लगाए। उन्हें जोरों से यही चिंता सताए जा रही थी, जगेसर अपना नहीं रह गया है। धत्तेरे की! आदमी भी जमीन की तरह पराया हो सकता है!

लोगों के पास अभी तक ख्वाहिश जिंदा थी कि वे उसकी मोटर के पीछे-पीछे बहुत दूर तक जाते। मगर उन्हें भूख बेबस कर चुकी थी। भीखम ने उन्हें ललकारा, ‘दुश्मन के लिए हमें इतना मोह क्यों है? जो दुश्मन होगा वही हमारे साथ खाना नहीं खाएगा।’ 



Thursday, February 5, 2015

साथी पत्रकारों की यादों में कृष्ण मुरारी किशन : अजय कुमार, एम जे अकबर, कन्हैया भेलारी

प्रभात खबर एक ऐसा अखबार रहा जिसने कृष्ण मुरारी किशन को उस प्रमुखता से याद किया जिसके वे हक़दार थे. यहाँ उसमें प्रकाशित तीन पत्रकारों की यादें पेश हैं-


एक उम्दा इनसान व लाजवाब फोटोग्राफर 

अजय कुमार

कोई डिग्री नहीं थी उनके पास. किसी संस्थान में उन्होंने फोटो की पढ़ाई नहीं की थी. पर, उनके पास वह नजर थी जो दूसरों के पास नहीं थी.जीवन संघर्ष के जरिये उन्होंने वह खास नजर पायी थी. कैमरे तो बहुत सारे लोगों के पास होते हैं, मगर वह नजर कुछ लोगों के पास ही होती है. कृष्ण मुरारी किशन उन्हीं कुछ लोगों में से एक थे. आज वह हमारे बीच नहीं रहे. कंधे पर बड़ा-सा बैग लटकाये स्कूटर से चलनेवाला एक उम्दा इनसान और लाजवाब फोटोग्राफर अब हमारी स्मृतियों का हिस्सा बन चुका है.

जब फोटो उतारने वह निकले, तो पास में एक साधारण कैमरा और साइकिल थी. पटना के डाकबंगला चौराहे पर किसी जुलूस का फोटो उतारने पहुंचे, तो किसी ने उनका कैमरा हवा में उछाल दिया. मुरारी को लगा, किसी ने उनकी इज्जत हवा में उछाल दी. उछल कर कैमरे को अपने कब्जे में किया. शायद तब उन्होंने यह भी सोचा होगा-फोटो खींचने को वह नयी पहचान देंगे. यह 1974 की घटना है, जिसे हमने अपने सीनियर से सुनी है. बिहार आंदोलन के दौरान की हजारों तसवीरें उन्होंने उतारीं. लोकनायक जयप्रकाश नारायण की उनकी उतारी कई तसवीरें राजनीतिज्ञों के यहां देखी जा सकती हैं. जीवंत और अद्भुत फोटो. जाबिर साहब के पास एक तसवीर है. उसमें लोकनायक हैं. जाबिर साहब भी हैं. दिवंगत राजनीतिज्ञों कपरूरी ठाकुर, भागवत झा आजाद, सत्येंद्र नारायण सिन्हा की कई चर्चित तसवीरें उन्होंने उतारी थीं.

मुख्यमंत्री रहे डॉ जगन्नाथ मिश्र, रामसुंदर दास, लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के राजनैतिक कैरियर के हर मोड़ की तसवीर उनके पास है.वाकई केएम किशन ने फोटो जर्नलिज्म को नयी पहचान दी. उसकी ताकत का एहसास कराया. बिहार की जमीन पर किसी तरह की कोई भी घटना हो और वहां सबसे पहले पहुंचनेवालों में मुरारी न हों, ऐसा सोचा भी नहीं जा सकता था. देश की कोई भी पत्र-पत्रिका हो, वह किशन जी के फोटो के बगैर अधूरी थी. वह छोटी-बड़ी घटनाओं के गवाह रहे. राजनीतिक उथल-पुथल का दौर हो या छात्र आंदोलन. गांवों में किसान आंदोलन हो या नरसंहार, उन पर पहला क्लिक मुरारी जी का ही होता था. वह जनता और समाज की नजर से फोटो उतारते रहे. बाढ़-सुखाड़ में आम आदमी की जिंदगी के दर्द को बाकी दुनिया उनकी ही तसवीरों से महसूस करती थी. उन दिनों कोलकाता से निकलनेवाली ‘रविवार’ पत्रिका की धूम थी. एंटी एस्टैब्लिशमेंट के स्वर ने उस पत्रिका को हिंदीपट्टी में काफी उंचाई दी थी. उन दिनों रविवार के कवर पेज पर बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे का फोटो काफी चर्चित हुआ था. वह फोटो राज्य की राजनैतिक समझ पर बड़ी टिप्पणी थी. फोटो छपने के बाद मुरारी जी को कोप भी सहना पड़ा था. दिनमान, साप्ताहिक हिंदुस्तान, संडे मेल, चौथी दुनिया, इंडिया टुडे जैसी नामी पत्रिकाओं में बिहार से मुरारी जी की ही तसवीरें होती थीं. तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हो या अटल बिहारी वाजपेयी, बिहार दौरे के ऐतिहासिक क्षण मुरारी जी के कैमरे में कैद हैं. 1990 के अक्तूबर महीने में प्रभात खबर में मैंने ट्रेनी जर्नलिस्ट के तौर पर काम शुरू किया था. प्रेस कान्फ्रेंस हो या कोई घटना, हम जहां भी जाते, वहां मुरारी जी हाजिर होते थे. हम उम्र में उनसे काफी छोटे थे, पर मौके पर पहुंचनेवालों में वह सबसे पहले होते थे. 

कई बार हम ङोंप भी जाते थे, यह सोच कर कि हमें यहां पहले आना चाहिए था. मुरारी जी को आज तक हमने किसी से नाराज होते नहीं देखा. जब भी मिलते, मुसकुराते हुए पूछते, कैसे हो? कैसा काम चल रहा है? मुरारी जी सबको बॉस कह कर बोलते थे. कितना भी बड़ा कोई नेता हो, वह मुरारी जी को देखते ही ज्यादा चौकस और सतर्क हो जाया करता था. क्या पता किस एंगल से वह फ्लैश चमका दें और वह खबर बन जाये? पुरानी तसवीरों का खजाना तो उनके ही पास है. अस्सी के दशक में नक्सली आंदोलन उफान पर था. आंदोलन और भूमिगत नेताओं के बारे में उन तक खबर पहुंच जाती थी. और उस घटना की तसवीर मुरारी जी के पास.

एक पत्रकार के लिए उसका नेटवर्क ही सब कुछ होता है. मुरारी जी ने अपनी लगन से इसे खड़ा किया था. कुछ साल पहले पैट टूट जाने के बाद ठीक हुए, तो भी उसी तरह सक्रिय रहे. बीते 30-35 सालों के दौरान किस बड़े नेता से उनकी पहचान नहीं थी. लेकिन, हमने कभी नहीं सुना कि किसी के पास कोई पैरवी लेकर पहुंचे हों. पटना की सड़कों पर गुजरते हुए स्कूटर से मुरारी जी को आते-जाते देखा जा सकता था. वह अपने काम के प्रति बेहद जुनूनी थे. सुबह-शाम, रात-बिरात, सब उनके लिए एक जैसे थे. उन्हें किसी घटना की खबर मिलने की देर होती थी, वह निकल पड़ते. अपने काम के प्रति ऐसी निष्ठा, समर्पण, ईमानदारी मुरारी जी में ही हो सकती थी. कोई अहंकार नहीं. किसी बात का घमंड नहीं. वरिष्ठता का गुरूर नहीं. साधारण परिवार में पले-बढ़े मुरारी जी की उस नजर से हम सब वंचित हो गये, जो बिहार की वास्तविकताओं व सच्चाइयों का प्रतीक बन गयी थी.


फोटो बनाने की थी उनके अंदर एक आग 

एमजे अकबर
बात साल 1976 की है. मैं संडे मेल में काम करता था. इसी सिलसिले में पटना आया था. मेरे साथ वरिष्ठ पत्रकार जनार्दन ठाकुर भी थे. कृष्ण मुरारी किशन से सबसे पहले यहीं मिला. वह आये और कहा, कुछ तसवीरें लाया हूं. उनके जज्बातों को देख कर मैंने उन्हें मौका दिया. उनकी आंखों में पत्रकारिता की गजब की आग और लगन थी. आपातकाल के दिन थे. 
उस समय का उनका साहस मुझे आज तक याद है. उन दिनों किशन की आमदनी नहीं के बराबर थी, शायद मैकेनिक थे वह. लेकिन, जबरदस्त जलन था दिल में. एक आग थी कि फोटो बने. मुङो याद नहीं, उनके पास कैमरे किस तरह के थे. उनकी एनर्जी और चीजों को गंभीरता से देखने के उनके निर्णय ने मुङो प्रभावित किया और मैंने ‘संडे’ के लिए हां कह दी. उन्होंने जो भी तसवीरें भेजीं, वे गजब की थीं. डॉ जगन्नाथ मिश्र की हर अंगुली में अंगूठी और जेल में बंद काली पांडेय की जीवंत तसवीरें. जयप्रकाश नारायण का आंदोलन, 1977 का आम चुनाव, सारी चीजें बेमिसाल थीं. वह सब आज मुङो उसी तरह याद है. 
जब चुनाव कैंपेन आरंभ हुआ, तो उन दिनों दूरदर्शन का जमाना था. इतने समाचार चैनल नहीं थे. सरकारी चैनल होने के कारण दूरदर्शन पर सिर्फ सरकारी खबरें और इंदिरा गांधी व कांग्रेस नेता देवकांत बरूआ की तसवीरें दिखायी जाती थीं.
एक किशन ही थे, जो जेपी, चंद्रशेखर और कपरूरी ठाकुर जैसे विपक्ष के दिग्गज नेताओं की तसवीरों को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे थे. जेल से बाहर आने के बाद जॉर्ज फर्नाडीस की भी तसवीरें उन्होंने भेजीं, जो अद्भुत थीं. मेरा मानना है कि किशन की वे तसवीरें तत्कालीन माहौल में एक चिनगारी, आग लगानेवाली साबित हुई थीं. जनता सरकार बनी. उन दिनों की तसवीरों का किशन का अलबम ऐतिहासिक है. सच कहिए तो किशन फोटाग्राफर नहीं, बल्कि ग्राफिक हिस्टोरियन थे.
बिहार के इतिहास में उनसे बड़ा कोई दूसरा फोटोग्राफर नहीं देखा. धनबाद के माफिया की तसवीरें हों या किसी राजनेता की, किशन हमेशा सबसे आगे रहे.
कई मुख्यमंत्री और सत्ता शीर्ष उनके खास दोस्त रहे. वे उनके जितने भी करीब रहे हों, किशन की तसवीरें भी उतनी ही सच्ची होती थीं. आज तो दुनिया भर में उनकी तसवीरें प्रकाशित होती हैं. उन दिनों एक लैंब्रेटा स्कूटर था उनके पास. उनके स्कूटर पर पीछे बैठने का मुझे भी सौभाग्य मिला. मैं जब भी पटना आया, किशन मेरे साथ रहे. किशन के स्कूटर पर बैठ कर पटना से निकल कर जेपी के आश्रम तक चला जाता था. एक जमाने में जब मैं बिहार से लोकसभा का चुनाव लड़ रहा था, किशन हमेशा मेरे साथ रहे. पिछली बार मैं पटना आया, तो उन्होंने कहा, खाना आप मेरे ही घर खायेंगे. वे बहुत बहादुर, निडर और बेधड़क थे. एक बार गोली भी उन पर चली थी. गोली से तो वह बच गये, मगर इस बार वह हार गये.

मैं ऊपरवाले का शुक्रगुजार हूं कि किशन जैसे सज्जन व्यक्ति से मेरा संबंध बना. वह पूरी तरह सजग और ईमानदार रहे. मेरे दोस्त थे, छोटे भाई का संबंध था. बिहार सरकार को किसी-न-किसी रूप में किशन को याद करना चाहिए.

(prabhat khabar ब्यूरो प्रमुख मिथिलेश से बातचीत पर आधारित)




फोटोग्राफी में उनके नाम से जाना जाता था बिहार

कन्हैया भेलारी

कृष्ण मुरारी किशन से 1976-77 में मेरी मुलाकात हुई थी. शुरुआती दिनों में वह साइकिल से चलते थे. एयरपोर्ट जाना और फिर आकर तसवीरें भेजना. गजब का साहस और धैर्य था. पत्रकारिता जगत में खासकर फोटोग्राफी में उनके नाम से बिहार जाना जाता था. हमने भी अपनी मैगजीन के लिए उनको अनुबंधित किया था. जब मैं द वीक पत्रिका से जुड़ा, तो उसके दक्षिण भारतीय प्रबंधन ने किशन का नाम लेते हुए कहा था कि यदि वह हमलोगों के साथ आ जायेंगे, तो पत्रिका अच्छी चल जायेगी. गहन बेहोशी में जाने के पहले तक वे अपने प्रोफेशन से जुड़े रहे. मेहनती थे.

तसवीर राजनीति से जुड़ी हो या अन्य दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण, किशन ने कभी कोताही नहीं बरती. हाल के दिनों में उनके पैर में खराबी आ गयी थी. इसके बावजूद उनके काम करने की गति में कहीं से आंच नहीं आयी. फोटो जर्नलिस्ट थे, मृदुभाषी थे और खास यह कि गुस्सा नहीं करते थे. एक बार वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा से मुलाकात हुई. उन्होंने कहा कि फोटो आप सिर्फ किशन से ही लेना, वही एक फोटोग्राफर हैं. उन्होंने कहा था ‘बिहार का मतलब किशन और किशन का मतलब बिहार’. बिंदेश्वरी दूबे मुख्यमंत्री थे. उनके चिकन खाने की तसवीरें हिट थीं. उनका नहीं रहना एक बड़ी रिक्तता है. एमजे अकबर जैसे वरिष्ठ पत्रकार जब भी बिहार आते, किशन उनके साथ होते थे.

प्रभात खबर से साभार

कृष्ण मुरारी किशन ने बिहार के सच को अपनी तस्वीरों में दर्ज किया


कृष्ण मुरारी किशन वैकल्पिक मीडिया और जनांदोलनों के साथी छायाकार थे

समकालीन जनमत और जन संस्कृति मंच की ओर से श्रद्धांजलि 

1987 में जनमत में छपा इंटरव्यू 
समकालीन जनमत के नए अंक की तैयारी के सिलसिले में इलाहाबाद में था। तभी सूचना मिली कि 1 फरवरी की रात में बिहार के मशहूर प्रेस फोटोग्राफर कृष्ण मुरारी किशन का दिल्ली के मेदांता हास्पीटल में निधन हो गया। पिछले दिसंबर में प्रतिरोध का सिनेमा, पटना फिल्मोत्सव में उनसे आखिरी बार मुलाकात हुई थी। उस रोज फिल्मोत्सव में ढेर सारे छोटे-छोटे बच्चे आए थे। फिल्मोत्सव में एक पेटिंग कार्यशाला भी आयोजित थी। बच्चे अभी दो कतारों में बैठकर कागज पर पेंसिल और रंग के जरिए अपनी कल्पनाओं को आकार देने की शुरुआत ही कर रहे थे, कि तभी अचानक कृष्ण मुरारी किशन नजर आए और आते ही उनका कैमरा उमंग और उत्साह से भरे नन्हें कलाकारों पर टिक गया, मानो फिल्मोत्सव का सबसे खास दृश्य वही हो। फिल्मकारों के प्रेस कांफ्रेस वगैरह से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण उनके लिए बच्चे थे। 

यूं तो हमलोग बचपन से ही अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं में उनकी तस्वीरें देखते रहे। लेकिन मैंने उन्हें सबसे ज्यादा समकालीन जनमत में छपी उनकी तस्वीरों से जाना था। चाहे वे गरीब-दलित, खेत मजदूर और भूमिहीन किसानों के जनसंहारों और बिहार में उभरते एक नए किसान आंदोलन की तस्वीरें हों या मुर्गा खाते मुख्यमंत्री विंदेश्वरी दूबे की तस्वीर या बोफोर्स तोप घोटाले के खिलाफ उभरे जबर्दस्त जनांदोलन की तस्वीरें, सबकी याद आने लगी। बैक कवर पर भी कई बार उनके द्वारा ली गई ऐसी तस्वीरें छपती थीं, जिनसे आम आदमी की जीवन स्थिति और जनविरोधी तंत्र का असली चेहरा उजागर हो जाता था। 

समकालीन जनमत के प्रधान संपादक रामजी राय ने बताया कि ‘‘कृष्ण मुरारी किशन जिन अखबारों से जुड़े हुए थे, उन्होंने ‘बेलछी कांड’ से संबंधित फोटो को छापने की हिम्मत नहीं दिखाई थी। बाद में जनमत ने उन्हें छापा था। इस कारण वे कहते थे कि जनमत जनता की पत्रिका है, इसे जब भी जरूरत होगी, मैं बिना पारिश्रमिक के तस्वीरें दूंगा। और अपने इस वायदे को उन्होंने आजीवन निभाया। पटना से जब समकालीन जनमत साप्ताहिक निकलती थी, तब अक्सर उनके द्वारा खींची गई तस्वीरें उसमें छपती थीं। कई अंकों के आवरण भी उन तस्वीरों से बनाए गए थे।’’ 

एक गरीब परिवार में पले-बढ़े छायाकार कृष्ण मुरारी किशन आम आदमी की जिंदगी और उसके संघर्षों के प्रति बेहद संवेदनशील थे। सिर्फ राजधानी पटना ही नहीं, बल्कि पिछले तीस सालों में बिहार-झारखंड की लगभग तमाम चर्चित घटनाओं, जनांदोलनों, प्राकृतिक आपदाओं, पुलिसिया दमन, गरीब-मेहनतकशों के जनसंहार, सामंती जुल्म के खिलाफ सुलगते जनप्रतिरोध और आम जनजीवन के अनेक अछूते दृश्यों को उन्होंने अपने कैमरे की आंख से देखा और अपनी तस्वीरों में उन्हें दर्ज किया। अस्सी के दशक में समकालीन जनमत के संपादक मंडल के सदस्य रहे पत्रकार विष्णु राजगढि़या उन्हें जिंदगी को कैमरे की नजर से देखने वाले आम आदमी के छायाकार के बतौर ही याद करते हैं। संपादक मंडल के दूसरे सदस्य पत्रकार चंद्रभूषण ने बताया कि अपने साथी छायाकारों से वे हमेशा यह कहते थे कि सिर्फ अपनी आंख से देखकर फोटो मत खींचो, कैमरे की आंख से देखो। उन्होंने यह भी बताया कि जनमत के हर अंक की सामग्री तैयार हो जाने के बाद जिस तरह के फोटो की जरूरत होती थी, उसके बारे में उन्हें बताया जाता था और वे उसके अनुसार तस्वीरें उपलब्ध करा देते थे। 

1987 में समकालीन जनमत में छपे एक इंटरव्यू में कृष्ण मुरारी किशन ने बताया था कि 1974 में छात्रों के आंदोलन से वे जुड़े हुए थे। छात्रों के बर्बर दमन की तस्वीरें अखबारों से गायब रहती थीं। उन्हें लगा कि जो तस्वीरें उनमें छपती हैं, वे हकीकत से काफी दूर हैं। वे चाहते थे कि एक्शन तस्वीरें छपे, इसलिए उन्होंने अपने हाथों में कैमरा थामा। जयप्रकाश आंदोलन के चर्चित फोटोग्राफरों में उनकी गिनती होती थी।

जनमत के इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि डाक टिकट जमा करना उनकी हाॅबी थी। डाक टिकट बेचकर ही उन्होंने 1974 में एक साधारण कैमरा खरीदा था और 1977 तक उसी से फोटोग्राफी करते रहे। उन्होंने यह भी बताया था कि उस समय वे पैसे के लिए फोटोग्राफी नहीं करते थे, बल्कि ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च चलाते थे। उसी समय बिहार में आए बाढ़ और 1979 के जमशेदपुर दंगों की तस्वीरें उन्होंने खींची। कृष्ण मुरारी किशन का कहना था कि ‘‘वह दंगा जनता रिजिम की देन था। सरकार कह रही थी कि 10 लोग मारे गए हैं, लेकिन सच तो यह है कि कुल 300 लोग से कम नहीं मरे थे। कभी मुस्लिम के घर में और कभी हिंदू के घर रात को रुककर मैंने दंगे की तस्वीर उतारी थी।’’

1980 में कृष्ण मुरारी किशन ने पटना के दैनिक ‘आर्यावर्त’ को ज्वाइन कर लिया। फिर रविवार से जुड़े, जिसमें पत्रकार अरुण रंजन और छायाकार कृष्ण मुरारी किशन की जोड़ी बहुत चर्चित रही। दिनमान, साप्ताहिक हिंदुस्तान, इंडिया टुडे, संडे मेल, चौथी दुनिया आदि देश के तमाम पत्र-पत्रिकाओं, समाचार एजेंसियों और बीबीसी और रायटर समेत कई अंतर्राष्ट्रीय प्रसारण संस्थाओं में भी उनकी तस्वीरों को जगह मिली। कई पुरस्कार और सम्मान भी मिले। सत्ता, राजनीति और नौकरशाही की दुनिया में सब उन्हें जानते थे, लेकिन इस जान-पहचान और संपर्क से उत्पन्न किसी विशिष्टता का गुमान उन्हें कभी नहीं रहा। देश-दुनिया में काफी मकबूलियत के बावजूद वे उतने ही सहज और आम जन के उतने ही करीब थे, जैसा फोटोग्राफी की शुरुआती दिनों में थे। कंधे पर झोला और टूटही साइकिल से उनके छायाकार के सफर की शुरुआत हुई थी, जो स्कूटर से होते हुए एक पुरानी कार तक पहुंची। कार की जरूरत भी उन्हें तब पड़ी जब उनके पैरों में तकलीफ रहने लगी थी।

मैं तो हकीकत को सामने भर लाना चाहता हूँ
कृष्ण मुरारी किशन जोखिम से कभी नहीं डरे। 1980 में तो पटना हाईकोर्ट में सीआरपी वालों ने उन्हें सिर्फ इसलिए घसीट-घसीटकर मारा कि वे सच्चाई को सामने लाना चाहते थे। बिहार में सांमती शक्तियों और पुलिस द्वारा दलितों और खेत मजदूरों की उत्पीड़न की अनेक घटनाओं और उनके संगठित होते आंदोलन को उन्होंने कवर किया। कोई इसके लिए उनकी तारीफ करता तो बहुत ही सहज अंदाज में हंसते हुए वे कहते थे- ‘मैं तो हकीकत को सामने भर लाना चाहता हूं।’ हकीकत को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध कृष्ण मुरारी किशन पर लगभग डेढ़ दशक पहले मुजफ्फरपुर से रात में पटना लौटते वक्त हमला हुआ था और उन्हें गोली मार दी गई थी। उस वक्त भी उन्हें इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया था और तब उन्होंने जिंदगी की जंग जीत ली थी। लेकिन इस बार वे हम सबसे हमेशा के लिए जुदा हो गए। 

कृष्ण मुरारी किशन ने बी. काॅम तक पढ़ाई की थी। लेकिन उन्होंने कैमरे के जरिए बिहार के जिस सच को तस्वीरों में दर्ज किया, वह आने वाले समय में न केवल फोटोग्राफी, बल्कि जन माध्यमों, जन संस्कृति और जनराजनैतिक आंदोलनों से जुड़े तमाम लोगों के लिए एक नजीर रहेगा, वह बेमिसाल काम आने वाली पीढि़यों के लिए भी एक प्रेरणा बना रहेगा। वे चाहते थे कि प्रेस फोटोग्राफर प्रेस कांफ्रेस में ही सारा समय न व्यतीत करें, वे गांवों में जाएं। उन्होंने बिहार के गांवों में पल रहे दर्द और आम आदमी की जिंदगी की जिजीविषा को अपनी तस्वीरों में जगह दी। गांवों से शहर आकर मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों की जिंदगी तक भी उनके कैमरे की निगाह पहुंची। 

हमारे लिए वे समकालीन जनमत के अनन्य सहयोगी तो थे ही, जन सांस्कृतिक आंदोलन के भी एक अनिवार्य अंग थे। जन संस्कृति मंच और हिरावल समेत पटना के अधिकांश साहित्यिक-सांस्कृतिक संगठनों के आयोजनों मेें वे अपने कैमरे के साथ मौजूद रहते थे और उसे पूरी दिलचस्पी से कवर करते थे। सांवले चेहरे पर सजी उनकी सौम्य मुस्कुराहट और सबके साथ बहुत अपनापे से उनका पेश आना हमेशा याद आएगा। वैकल्पिक मीडिया और जनसांस्कृतिक-जनराजनीतिक आंदोलनों ने सचमुच आज अपने एक सच्चे हमदर्द और साथी को खो दिया है। उनके परिजनों के शोक में हम सब शामिल हैं। समकालीन जनमत और जन संस्कृति मंच की ओर से उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि!