Showing posts with label दुर्गेन्द्र अकारी. Show all posts
Showing posts with label दुर्गेन्द्र अकारी. Show all posts

Monday, November 5, 2018

कहें कवि दुर्गेंद्र अकारी...

(कविता के लिए जिन्होंने सब कुछ किया, पूरी जिन्दगी उसे दी, जनता ने उसे पाला पोसा, अपना बनाया और सर आँखों पर रखा. कहानी जैसी लगती इस बात के प्रमाण हैं दुर्गेन्द्र अकारी.) 


दुर्गेन्द्र अकारी photo by s.suman
पिछली गर्मियों में आरा पहुँचने पर मालूम हुआ कि जनकवि दुर्गेंद्र अकारी जी की तबीयत आजकल कुछ ठीक नहीं रह रही है। साथी सुनील से बात की, तो वे झट बोले कि उनके गांव चला जाए। उनकी बाइक से हम जून माह की बेहद तीखी धूप में अकारी जी के गांव पहुंचे। लोगों से पूछकर झोपड़ीनुमा दलान में हम पहुंचे, जिसकी दीवारें मिट्टी की थीं और छप्पर बांस-पुआल और फूस से बना था। एक हिस्से में दो भैंसे बंधी हुई थीं। दूसरे हिस्से में एक खूंटी पर अकारी जी का झोला टंगा था। एक रस्सी पर मच्छरदानी और कुछ कपड़े झूल रहे थे। दीवार से लगकर दो साइकिलें खड़ी थीं और बीच में एक खाली खाट, लेकिन अकारी जी गायब। हम थोड़े निराश हुए कि लगता है कहीं चले गए। फिर एक बुजर्ग शख्स आए। मालूम हुआ कि वे उनके भाई हैं। उन्होंने बताया कि अकारी गांव में ही हैं। खैर, तब तक एक नौजवान उन्हें पड़ोस से बुलाकर ले आया। उसके बाद उनसे हमने एक लंबी बातचीत की, जिसके दौरान हमें भोजपुर के क्रांतिकारी कम्युनिस्ट आंदोलन के इतिहास की झलक तो नजर आई ही, एक सीधे स्वाभिमानी गरीब नौजवान का संघर्षशील जनता का कवि बनने की दास्तान से भी हम रूबरू हुए।

जनकवि दुर्गेन्द्र अकारी photo by s.suman
जसम की ओर से 1997 में उनके चुनिंदा गीतों का एक संग्रह ‘चाहे जान जाए’ प्रकाशित हुआ था। उसकी भूमिका सुप्रसिद्ध स्वाधीनता सेनानी, कम्युनिस्ट और जनकवि रमाकांत द्विवेदी ‘रमता’ ने लिखा था कि बचपन के पितृ-विहीन अकारी ने हलवाही और मजदूरी की है, गीतों के कारण पुलिस और गुंडों के कठिन आघात झेले हैं और जेल भी काटी है। फिर भी वह संघर्ष की अगली कतार में ही हैं। प्रलोभनों को उन्होंने सदा ही ठुकराया है और गरीबी से उबरने की कोशिश न करके गरीबों को उबारने की कोशिश करते रहे हैं। सांस्कृतिक-राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान धोती कुर्ता पहने, कंधे में झोला टांगे ठेठ मेहनतकश किसान लगने वाले अकारी जी को गीत गाते तो हमने कई बार सुना-देखा : उनके गीतों की खास लय, जिसमें मौजूद करुणा, आह्वान और धैर्य के मिले-जुले भाव के हम कायल रहे.

‘मत कर भाई, तू बनिहारी सपन में’- इस गीत से उन्होंने अपने बारे में बताने की शुरुआत की। इस गीत को उन्होंने अपने ही गांव में एक रूपक की तरह मंच से प्रस्तुत किया था, जिसे सुनने के बाद हलवाहों ने हल जोतने से मना कर दिया था। चूंकि बनिहारों की पीड़ा को उस गीत में उन्होंने बड़ी प्रभावशाली तरीके से आकार दिया था, इसी कारण उनके नाम के साथ अकारी शब्द जुड़ गया। गीत का असर देखकर नौजवान अकारी का मन उसी में रमने लगा। इसी बीच नक्सलबाड़ी की चिंगारी भोजपुर में गिरी और उससे जुड़े सवाल और संघर्ष के मुद्दे इनके गीतों में आने लगे। वे सामंतों और सरकार के खिलाफ गीत लिखने लगे। उन्होंने चंवरी, बहुआरा, सोना टोला आदि गांवों में पुलिस-सीआरपीएफ से लोहा लेने वाले क्रांतिकारी कम्युनिस्टों के बहादुराना प्रतिरोधों और उनकी शहादतों की घटना को अपने गीतों में पिरोया। उनकी पहली किताब का नाम था - जनजागरण। यह बताते हुए वे गर्व से भर उठे कि उनके गीतों को सुनकर लोगों का उत्साह बढ़ता था। जिस समय नक्सल का नाम सुनकर कोई अपने ओरी, छप्पर के किनारे भी नहीं ठहरने देता था, वैसी हालत में उन पर उन्होंने गीत लिखा।

हमने सवाल किया कि गीत लिखने के अलावा और क्या करते थे? उन्होंने कहा कि उनके लिए भी बड़ा गंभीर सवाल था कि जीविका के लिए क्या करें। किसी का नौकर बनके रहना उन्हें मंजूर न था। उसी दौरान उन्हें एक विचार आया कि मड़ई कवि की तरह किताब छपवाकर वे भी बेच सकते हैं। लेकिन मड़ई कवि से उन्होंने सिर्फ तरीका ही लिया, विषय नहीं लिया। मड़ई कवि सरकारी योजनाओं के प्रचार में गीत गाकर सुनाते थे, जबकि अकारी गीतों के जरिए सरकार की पोल खोलने लगे।

अकारी जी 74 के आंदोलन के साथ रहे। उन्होंने बताया- ‘जब इमरजेंसी लगा तो सब नेता करीब-करीब अलोपित हो गए। कुछ नेपाल की तराई में चले गए। हमको लगा कि इस तरह तो कहां क्या हो रहा है, इस बारे में कोई बातचीत ही नहीं हो पाएगी। तो उसी दौर में किताब छपवा के बेचने लगे ट्रेन में।’ उस वक्त का इनका एक मशहूर गीत था- 'बे बछरू के गइया भोंकरे, ओइसे भोंकरे मइया, बिहार तू त सून कइलू इंदिरा'। अपने गीतों के जरिए जनता पार्टी को वोट देने की अपील भी उन्होंने की और 74 के आंदोलन की जनभावना से गद्दारी करने वालों पर व्यंग्य भी किया-

'जनता जनता शोर भइल, जनता ह गोल भंटा हो
हाथ ही से तूरी ल, ना मारे पड़ी डंटा हो।'

अपनी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछने पर अकारी जी ने बताया कि वे स्कूल नहीं गए। बुढ़वा पाठशाला में गए, पर वहां कुछ सीख नहीं पाए। एक दिन दलान पर लड़के पढ़ रहे थे तो उन्हीं से कहा कि भाई हमें भी कुछ पढ़ा दो। उन सबों ने एक टूटी स्लेट दी और उस दिन उन्होंने 'क' वर्ग के सारे अक्षर रात भर मे याद किए। इस तरह पांच-छह दिन में सारे अक्षरों को लिखना सीख गए। हमने पूछा कि अब तो किताब धड़ल्ले से पढ़ लेते होंगे, तो हंसते हुए बोले- पढ़ लेता हूं, पर ह्रस्व-इ और दीर्घ-ई अब भी समझ में नहीं आता।

शिक्षा के अभाव या शब्दों और भाषा के स्कूली ज्ञान के अभाव का जो सच था उसे भी उन्होंने एक तरह का ढाल बना लिया और अपने नाम के साथ एल एल पी पी लिखने लगे-दुर्गेंद्र अकारी, एल एल पी पी। उनके गीतों के पुराने संग्रहों में आज भी यही लिखा मिलता है। तो इस एल एल पी पी से जुड़ा एक किस्सा उन्होंने सुनाया कि एक बार जीआरपी वालों ने उन्हें पकड़ लिया। एक ने पूछा कि एल एल पी पी किसने लिखा है? अकारी बोले- हमने। उसने सवाल किया- इसका मतलब? अकारी- आप लोग पढ़े लिखे आदमी हैं अब हम क्या सिखाएं आपलोगों को। तो उसने कहा- इसका मतलब तो लिख लोढ़ा पढ़ पत्थर होता है। अकारी बोले - वही है सर। उसने पूछा- गीत कैसे लिखते हो? अकारी के पास जवाब तैयार- क ख ग किसी तरह जोड़ के। फेयर किसी दूसरे से कराते हैं। उसमें से किसी ने कहा कि सिर्फ क ख ग के ज्ञान से इतना लिख पाना संभव नहीं है। उनमें एक बड़ा बाबू था, कुछ समझदार, उसने इनके इंदिरा विरोधी कुछ गीतों को सुना और कहा- समुद्र में बांध बनाया जा सकता है, लेकिन कवियों के विचारों को बांध नहीं जा सकता। उसने यह भी कहा कि गीत तो आपका अच्छा है, पर यहां हमलोगों की जिम्मेवारी है। हमलोगों की बदनामी होगी। यहां मत गाइए-बजाइए। तो अकारी बोले- कहां जाएं, भाई? कचहरी पर जाते हैं, तो आप ही लोग हैं। बाजार में जाते हैं तो आप ही लोग हैं। यहां स्टेशन पर आते हैं, तो आप ही लोग हैं। हम मैदान में गाने के लिए गीत तो बनाए नहीं है। बड़ा बाबू बोला- नहीं मानिएगा, तो विदाउट टिकट में आपको पकड़ लेंगे।

विदाउट टिकट में तो अकारी जी नहीं पकड़े गए। लेकिन प्रलोभन और धमकी के जरिए उन्हें गीत लिखने से रोकने की कोशिश जरूर की गए। एक दिन वे आरा रेलवे स्टेशन पर किताब लेके पहुंचे तो वहां असनी गांव के कामेश्वर सिंह से मुलाकात हुई। अकारी ने बताया कि कामेश्वर सिंह उस तपेश्वर सिंह के भाई थे, जिन्हें सत्ता और प्रशासन के लोग बिहार के सहकारिता आंदोलन का नायक बताते हैं और आम लोग को-आपरेटिव माफिया। कामेश्वर सिंह ने अकारी से कहा कि वे किताब बेचना छोड़ दें। वे उनको नौकरी दिला देंगे। अकारी बोले- नौकरी तो नौकरी ही होती है। नौकर की तरह ही रहना होगा। लेकिन हमने जो किताब छपवाई है वह नौकर बनकर नहीं छपवाई है। इससे कम या ज्यादा पैसा भी आ रहा है। कामेश्वर सिंह ने कहा कि कुछ हो जाएगा तब? कोई घटना घट जाएगी तब? अकारी के पास सटीक जवाब था- होगा तो होगा, किसी भी काम में कुछ हो सकता है। कामेश्वर सिंह चिढ़कर बोले- तुम चंदबरदाई नहीं हो न! अकारी कहां चुप रहने वाले थे,पलट कर जवाब दिया- एक चंदबरदाई हुए तो आप गिन रहे हैं, यहां इस धरती ने आदमी आदमी को चंदबरदाई बनाके पैदा किया है। कामेश्वर सिंह थोड़े सख्त हुए- इसका मतलब कि तुम किताब बेचना नहीं छोड़ोगे? तो इसका परिणाम तुम्हें पता चलेगा? अकारी- ठीक है हम जान-समझ लेंगे।

उसके दो चार दिन बाद ही जब आरा स्टेशन पर एक चाय की दूकान के पास लोगों की फरमाइश पर अकारी 'चंवरी कांड' पर लिखा अपना गीत सुना रहे थे, तभी कामेश्वर सिंह का भेजा हुआ एक बदमाश साइकिल से वहां पहुंचा। वह दारु पिए हुए था। आते ही बोला- भागो यहां से। अकारी बोले- क्या बात है भाई। बदमाश उन पर चढ़ बैठा- पूछता है कि क्या बात है? यहां से जाओ। अकारी ने शांति से काम लिया- हम ठहरने के लिए नहीं आए हैं, दो-चार मिनट में हम खुद ही चले जाएंगे। तब तक वह उनके बगल में आ गया। अकारी ने चौकी पर से उतर कर उससे पूछा कि यह रोड आपका है? उसने कहा- हां, है। अकारी बोले- नहीं, जितना आपका हक़ है, उतना ही हमारा भी हक़ है, उतना ही सबका है। इस पर उसने उन्हें धकेल दिया। वे पीछे रखी साइकिलों पर गिरे। इस बीच वह जनसंघ समर्थक एक गुमटी वाले से हंटर मांगने गया, उसने हंटर के बदले फरसा दे दिया। फरसा लेकर वह आया और सीधे अकारी पर वार कर दिया। अपना सर बचाने की कोशिश में उन्होंने अपने हाथ उठाए। इसी बीच उसी चौकी पर बैठा एक साधु अचानक उठा और उसने अपनी कुल्हाड़ी पर फरसे के वार को रोक लिया। तब तक दूसरे लोग भी बीच बचाव में आ गए। जनता ने कहा कि कवि जी आप यहां से हट जाइए, वह गुंडा है। इस पर अकारी गरम हो गए, बोले कि वह गुंडा नहीं है, यही उसका रोजगार है, जिसका खाया है उसकी ड्यूटी में आया है। खैर, गुंडा गुंडई कर रहा हो, इंसान बेइज्जत हो रहा हो, पब्लिक देख रही हो, तो गलती किसकी है? यह सुनना था कि लोग उसे पकड़ने के लिए उठ खड़े हुए। लोगों का मूड बदलता देख, वह साइकिल पर सवार होके वहां से भाग गया। अकारी उसके बाद लगातार एक माह तक वहां जाते रहे, ताकि उसे यह न लगे कि वे डर गए, लेकिन वह फिर उन्हें नजर नहीं आया।

अकारी जी ने बताया कि वे नक्सल आंदोलन के पक्ष में गीत लिखते थे, कार्यकर्ता उनको पहचानते थे, लेकिन उनसे अपना राज खोलना नहीं चाहते थे। एक कारण यह भी था कि वे लोकदल के एक स्थानीय नेता राम अवधेश सिंह के साथ थे। राम अवधेश सिंह के साथ होमगार्ड, दफादार-चैकीदार के आंदोलन में जेल भी गए। लेकिन बाद में लोकदल उन्होंने छोड़ दिया। हुआ यह कि सेमेरांव नामक एक गांव में लड़कों का एक मैच हो रहा था। अकारी जी वहां पहुंचे तो लड़कों ने किताब के लिए भीड़ लगा दी। वहीं एक पुलिस कैंप था। वहां से एक सिपाही आया और एक किताब मांगकर चलता बना। इन्होंने पैसा मांगा तो उसने कहा- आके ले जाओ। ये पुलिस कैंप में गए तो सिपाहियों ने कहा- एक और किताब दो। इन्होंने एक और किताब दे दी। उसके बाद उन सबों ने कहा- जाओ भागो। इन्होंने कहा- क्यों भाई, पइसा दीजिए या किताब लौटाइए। एक सिपाही ने कहा कि भागोगे कि करोगे बदमाशी। नहीं माने तो पुलिस ने मारकर इनका पैर तोड़ दिया। उस वक्त इनकी उम्र करीब 25-30 के आसपास थी। चूंकि राम अवधेश सिंह को चुनाव में जिताने के लिए इन्होंने बहुत काम किया था इसलिए उनको खबर भेजी ,लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। राम अवधेश सिंह का तर्क था कि इन्होंने बयान नहीं लिखवाया इसीलिए कुछ नहीं हुआ। अकारी जी का कवि अपनी जिद पर अड़ा रहा कि बयान क्या होता है, उस पर एक गीत लिखा था - 'टूटल टंगरी अकारी देखावे, ई तोड़ी निदर्दी आरक्षी कहावे', कहा वही बयान है। उसके बाद रामअवधेश सिंह ने कहा कि वे कर्पूरी ठाकुर से इस बारे में बात करेंगे। अकारी ने मना कर दिया कि कर्पूरी ठाकुर के पास उनके लिए वे न जाएं, वे खुद चले जाएंगे। खैर, कर्पूरी ठाकुर से जब मिले तो उन्होंने पूछा कि क्या हुआ कवि जी? कवि जी ने अपने ऊपर जुल्म की दास्तान कह सुनाई और उलाहना दे डाला कि आपकी सरकार में पुलिस ने पैर तोड़ दिया, केस नहीं हुआ तो क्या उसे कोई सजा नहीं होगी? आखिरकार कार्रवाई हुई और दो पुलिसकर्मी मुअत्तल हुए। लेकिन अकारी लोकदल में नहीं लौटे। रामअवधेश सिंह ने भी नौकरी का प्रलोभन भी दिया। लेकिन अब तो वे अपने गीतों के नायकों की राजनीतिक राह पर खुद ही चल पड़े थे।

लोकदल छोड़कर वे एक माह घर बैठे रहे। उसी दौरान भाकपा माले के कामरेडों ने उनसे संपर्क किया। इसके बारे में भी उन्होंने एक रोचक घटना सुनाई कि कामरेडों का आना-जाना मुखिया और सामंतों की निगाह से छुपा न रहा। मुखिया ने दलपति को समझाने भेजा कि यह खराब काम हो रहा है। दलपति से इन्होंने सवाल किया कि क्या खराब काम हो रहा है? उसने कहा- नक्सलाइट आ रहे हैं। अकारी बोले- तुम्हारे यहां कोई आता है कि नहीं? दलपति ने कहा- आते हैं, पर वे दूसरे आदमी होते हैं। अकारी कहां चुप रहने वाले थे, बोले- बताओ उनलोगों ने कौन सा खराब काम किया है, मुझे भी तो जरा पता चले? इसपर दलपति चीढ़कर बोला- तो भाई नहीं मानिएगा, तो हम गिरफ्तार करवा देंगे। अकारी ने चुनौती दे दी कि उसको गिरफ्तार कराना है, करा ले, लेकिन यह जान ले कि उसके साथ उन्हें भी जो करना होगा, कर देंगे। यह चेतावनी मुखिया तक पहुंची और मुखिया से थाना के दारोगा तक। दारोगा ने एक पट्टीदार से जमीन के एक मामले में एक केस करवा दिया और चैकीदार से इनको थाने पर बुलवाया। बाद में दारोगा खुद आया और उसने लोगों से कहा- हम इसको बुलाते हैं तो यह मुझे ही बुलाता है। अकारी निर्भीकता के साथ बोले- आपको जरूरत है तो आपको आना ही चाहिए। खैर, केस गलत था, सो थाने से ही मामला खत्म हो गया।

वैसे आंदोलनों में तो थाना, केस, जेल का चक्कर लगा ही रहता है। लेकिन 2009 में तो अकारी जी को 43 दिन बिना केस के जेल में रहना पड़ा। कारण यह था कि पुलिस गांव में किसी और को पकड़ने आई थीं। इनसे दरवाजा खोलवाने लगी। इन्होंने चोर-चोर का हल्ला मचा दिया। हल्ला से हुआ यह कि जिन लोगों को पकड़ने पुलिस आई थी वे भाग गए। उसके बाद गुस्से में पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इन्हें समझ में नहीं आया कि किस केस में जेल में डाला गया है। कोई वारंट और बेलटूटी भी नहीं थी। आखिरकार 43 दिन बाद जज ने रिलीज भेजा। जेलर बेल बांड मांगने लगा। अकारी जी बोले- जब केस ही नहीं पता तो बेल कैसे फाइल करते। बाद में जज के रिलीज आर्डर पर इन्हें छोड़ा गया। हमने यहीं उनसे जेल जीवन की कठिनाइयों पर लिखे गए उनके लोकप्रिय गीत को सुनाने का आग्रह किया। उन्होंने सुनाया-

हितवा दाल रोटी प हमनी के भरमवले बा
आगे डेट बढ़वले बा ना।

जाने कब तक ले बिलमायी, हितवा देवे ना बिदाई
बिदा रोक रोक के नाहक में बुढ़ववले बा। आगे डेट...

बीते चाहता जवानी, हितवा एको बात ना मानी
बहुते कहे सुने से गेट प भेट करवले बा। आगे डेट...

बात करहु ना पाई देता तुरूते हटाई
माया मोह देखा के डहकवले बा। आगे डेट...

देवे नास्ता में गुड़ चना, जरल कच्चा रोटी खाना
बोरा टाट बिछाके धरती प सुतवले बा। आगे डेट...

गिनती बार बार मिलवावे, ओसहीं मच्छड़ से कटवावे
भोरे भरल बंद पैखाना प बैठवले बा। आगे डेट...

एको वस्त्रा ना देवे साबुन, कउनो बात के बा ना लागुन
नाई धोबी के बिना भूत के रूप बनवले बा। आगे डेट...

कवि दुर्गेंद्र अकारी, गइलें हितवा के दुआरी
हितवा बहुत दिन प महल माठा खिअइले बा। आगे डेट....

हमने उनसे पूछा कि इतने लंबे अरसे से वे जनता के लिए गीत लिखते रहे, अब उम्र के इस मुकाम पर क्या महसूस होता है? उन्होंने इसे लेकर फ़िक्र जाहिर की कि आंदोलन हुए, उससे लोग लाभान्वित भी हुए, संघर्ष किए, कुछ मिला। लेकिन फिर उन्हें परेशानी होने लगी। परेशानी से बचने के लिए लोग किसी तरह जीने-खाने की कोशिश करने लगे हैं। यही जीने का ढंग बनने लगा है। जो ठीक नहीं है। हमने कहा कि संघर्ष भी तो हमेशा एक गति से और एक तरीके से नहीं चलता। आज जनता का आंदोलन कैसे मजबूत होगा, संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले क्या करें? संस्कृति में तो ऊर्जा आंदोलन से ही मिलती है। आंदोलन जितना जनहित में होगा, उतनी संस्कृति भी जनहित में बढ़ेगी, क्रांतिकारी रूप में बढ़ेगी। हमने सवाल किया कि कवि भी तो कई बार आंदोलन को ऊर्जा देते हैं। जब आंदोलन में उभार न हो, उस वक्त कवि क्या करे, क्या आंदोलन का इंतजार करे? अकारी बोले- नहीं, कवि कभी-कभी माहौल को देखते हुए कुछ ऐसा निकालता है कि जिससे माहौल बदल जाता है।

हमने पूछा कि उनके राजनीतिक-सांस्कृतिक सफर में कौन से ऐसे साथी थे, जिनकी उन्हें बहुत याद आती है। इस पर उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। कहा कि जितने साथी लगे थे या आज भी लगे हैं सब अपनी ऊर्जा लेके लगे हैं, जिनसे जितना हुआ उसने जनता के लिए उतना काम किया और आज भी कर रहे हैं। हमने कहा कि सारी पार्टियां अपने को गरीबों का हितैषी कहती हैं, लेकिन गरीबों की ताकत को बांटने की साजिश में ही लगी रहती हैं। आज के दौर में गरीब के पक्ष में कोई राजनीति या संस्कृति किस तरह काम करे कि उसकी एकजुटता बढ़े। उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें तो यही समझ में आया कि सारी पार्टियां वर्ग की पार्टी होती हैं। वे अपने अपने वर्ग का प्रतिनिधित्व करती हैं। गरीब के पक्ष में बोलने वाली बाकी पार्टी सिर्फ अपना मतलब साधने के लए गरीब का नाम लेती है। सिर्फ माले है जिसके लिए गरीब मतलब साधने की चीज नहीं, बल्कि गरीबों की पक्षधरता उसका सिद्धांत ही है। जबकि कांग्रेस सामंत-पूंजीपति की पार्टी है और भाजपा इस मामले में उससे भी आगे है, ज्यादा उद्दंड है।
उस वक्त बिहार में चुनाव हुए नहीं थे। हमने उनसे नीतीश के सरकार के बारे में पूछा और सड़कों की हालत में सुधार के दावे पर उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही। उन्होंने बड़ी दिलचस्प प्रतिक्रिया दी- गरीब आदमी के हित में सड़क थोड़े है। गरीब आदमी को कभी कभार कहीं जाना होता है, तो वह गाड़ी से जाए या पैदल जाए, उसके लिए बहुत फर्क तो पड़ता नहीं। हां, बड़ा-बड़ा पूंजीपति का कारोबार चले, इसके लिए तो सड़कें जरूरी हैं ही। बंटाईदारी के बारे में पूछने पर बोले कि यह भूमि सुधर से जुड़ा सवाल है। हमने कहा कि इसे लेकर बहुत कन्फ्यूजन फैलाया गया है, एकदम छोटे किसानों को भी शासकवर्गीय पार्टियां डरा रही हैं कि उनकी जमीन छीन जाएगी। हमने पूछा कि इस मुद्दे पर आंदोलन की कोई संभावना लगती है आपको? अकारी बोले कि भूमि सुधार तो तभी पूरी तरह से हो पाएगा, जब बिहार में वामपंथ का शासन आएगा। क्या यह संभव है? क्या जीवन का लंबा समय गरीबों की मुक्ति और गरीबों का राज कायम करने के संघर्षों में लगा देने के बाद उम्र के आखिरी दौर में कोई उम्मीद लगती है या निराश हैं कुछ- यह सवाल करने पर अकारी थोड़ी देर चुप रहे और बड़ी गंभीरता से बोले कि अभी दो-चार चुनाव और लगेगा। हमने फिर सवाल दागा कि क्या फिर लालू, रामविलास या नीतीश जैसे लोग नहीं आ जाएंगे? इस पर अकारी बोले- आएंगे, लेकिन विक्षोभ पैदा हो रहा है। इनमें कोई भी जनहित में काम करने वाला नहीं है, ये सब अंततः सामंत और पूंजीपति का हित ही साधेंगे।
जनकवि दुर्गेन्द्र अकारी photo by  Nicolas Jaoul
कहते हैं कि अकारी जी के गांव का नाम पहले अकिल नगर था। लेकिन चेरो खरवार के डर से किसी जमाने में लोगों को गांव से भागना पड़ा था। आज जहां इनका गांव है, लोकमान्यता है कि वह ग्राम देवता गोरया बाबा की जगह थी। आसपास भारी दह था। यहीं आकर उनके पूर्वज बसे, मानो यहीं एड़ी रोप दिया लोगों ने, इसलिए गांव का नाम एड़ौरा पड़ा। गोरया बाबा का जिक्र आते ही हमने पूछा कि आपने जीवन में कोई भक्ति गीत लिखा। उन्होंने इनकार में सिर हिलाया। बोले कि भगवान में उनको कुछ दिखाई ही नहीं दिया। हमने जानना चाहा कि क्या किसी का प्रभाव था। वे गर्व से मुस्कुराते हुए बोले- नहीं। बस ऐसे ही नहीं लिखे। तभी अचानक उन्हें कुछ याद आया। बोले कि अगर भक्ति समझिए या भजन तो यही लिखे थे-
जिंदगी में हम कुछ करेंगे
हम कुछ और बनेंगे। 
हम समझ गए कि यह भक्ति दरअसल मनुष्य की ताकत के प्रति थी, खुद को ही बुलंद करने जैसा। संघर्ष, आजादी और स्वाभिमान की आंच में तपे हुए जनता के अपने कवि अकारी जी से मिलकर जैसे खुद हमारे भीतर कोई नई ताकत का अहसास पैदा हो रहा था, जैसे नई ऊर्जा से भर उठे थे हम। 

वापस लौटते वक्त सुनील की बाइक का टायर पंक्चर हो गया था। सुनील टायर ठीक करवाने आगे बढ़ गए थे। झुलसाती धूप में मैं उस राह पर चल रहा था, अकारी जी के बारे में सोचते हुए। उन्होंने बताया कि उनकी किताबें खूब बिकती थीं। बनारस में एक रैली में 1800 की किताबें बिक जाने को वे अपने जीवन की किसी महत्वपूर्ण घटना की तरह याद रखे हुए हैं। जहां पैसा और सुविधाएं ही जीवन की श्रेष्ठता का पैमाना बनती जा रही हों, वहां इस 1800 की कीमत जो समझेगा, शायद वही इसके प्रतिरोध में नए जीवन मूल्य गढ़ पाएगा। अकारी जी ने प्रलोभनों को ठुकराया और लुटेरों और शोषकों को पहचानने में कभी नहीं चूके। गांव में विभिन्न जातियों के यहां चोरी की घटना पर ‘बताव काका कहवां के चोर घुस जाता’ से लेकर बोफोर्स घोटाले पर ‘चोर राजीव गांधी, घूसखोर राजीव गांधी’ जैसे गीत लिखे। जब छोटी रेलवे लाइन बंद हुई, तो उस पर बड़े प्यार से जो गीत उन्होंने लिखा- 'हमार छोटको देलू बड़ा दिकदारी तू' वह जनजीवन के प्रति गहरे लगाव का सूचक है। उनके गीत कहत ‘अकारी बिहार मजदूर पर, सहत बाड़ ए भइया कवना कसूर पर’ की गूंज तो देश के बाहर भी गई। उनके गीतों में भोजपुरी के कई दुर्लभ शब्द हैं और इंकलाब के प्रति एक धैर्य भरी उम्मीद है। उनके गीतों में जो लड़ने की जिद है, चाहे जान जाए, पर चोर को साध और साध को चोर कहने वाली इस व्यवस्था को बदल देने का जो उनका संकल्प है, उसे सलाम!

(2011 की गर्मियों में हमने अकारी जी से लंबी बातचीत की थी। इसे समकालीन जनमत पत्रिका के अतिरिक्त मृत्युबोध, कारवां, पत्रकार Praxis  जैसे ब्लाॅग्स पर भी प्रकाशित किया गया था। अकारी जी के स्मृति दिवस पर इसे इस ब्लाॅग पर पुनः प्रकाशित कर रहा हूं। )