Wednesday, July 16, 2014

कथाकार मधुकर सिंह को जसम की श्रद्धांजलि




प्रगतिशील जनवादी धारा के मशहूर कथाकार मधुकर सिंह आज 15 जुलाई को अपराह्न पौने चार बजे हमारे बीच नहीं रहे। आरा जिले के धरहरा गाँव स्थित अपने निवासस्थान पर उन्होंने अंतिम साँसें लीें। विगत पांच-छह वर्षों से मधुकर सिंह अस्वस्थ थे, उन पर पैरालाइसिस का आघात हुआ था। लेकिन अस्वस्थता की स्थिति में भी उन्होंने आखिरी सांस तक लेखन कार्य जारी रखा। सामाजिक-राजनीतिक-सांस्कृतिक बदलाव के लिए संघर्षरत लोगों के लिए वे हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। 

मधुकर सिंह फणीश्वरनाथ रेणु के बाद हिंदी के उन गिने चुने साहित्यकारों में से थे, जिन्होंने आजीवन न केवल ग्रामीण समाज को केंद्र बनाकर लिखा, बल्कि वहां चल रहे राजनीतिक-सामाजिक बदलाव के संघर्षों को भी शिद्दत के साथ दर्ज किया। उन्होंने भोजपुर के क्रांतिकारी किसान आंदोलन को स्वाधीनता आंदोलन की निरंतरता में देखा और अपनी रचनाओं में इसे चिह्नित किया कि जब 1947 के बाद भी सामाजिक विषमता और उत्पीड़न खत्म नहीं हुआ और शासकवर्ग का दमनकारी चरित्र नहीं बदला, तो फिर से आजादी की एक नई लड़ाई भोजपुर में शुरू हुई। नक्सलबाड़ी विद्रोह ने उसे आवेग प्रदान किया। मधुकर सिंह के साहित्य का बहुलांश भोजपुर के मेहनतकश किसानों, खेत मजदूरों, भूमिहीनों, मेहनतकश औरतों और गरीब, दलित-वंचितों के क्रांतिकारी आंदोलन की आंच से रचा गया। सामंती-वर्णवादी-पितृसत्तात्मक व्यवस्था से मुक्ति के लिहाज से मधुुकर सिंह की रचनाएं बेहद महत्व रखती हैं। स्त्री की मुक्ति के सवाल को मधुकर सिंह ने दलित मुक्ति से अभिन्न रूप से जोड़कर देखा। दलितों, स्त्रियों, अल्पसंख्यकों की सामाजिक मुक्ति का संघर्ष इनके कथा साहित्य में जमीन के आंदोलन से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ रहा है। सामंती-पूंजीवादी व्यवस्था के सबसे निचले स्तर पर मौजूद मेहनतकशों की सामाजिक-आर्थिक मुक्ति वर्ग-समन्वय के किसी रास्ते से संभव नहीं है, मधुकर सिंह की कहानियां बार-बार इस समझ को सामने लाती हैं।


2 जनवरी 1934 को बंगाल प्रांत के मिदनापुर में जन्मे मधुकर सिंह ने जीवन के आठ दशक का ज्यादातर समय बिहार के भोजपुर जिला मुख्यालय आरा से सटे अपने गांव धरहरा में गुजारा। सोनभद्र की राधा, सबसे बड़ा छल, सीताराम नमस्कार, जंगली सुअर, मनबोध बाबू, उत्तरगाथा, बदनाम, बेमतलब जिंदगियां, अगिन देवी, धर्मपुर की बहू, अर्जुन जिंदा है, सहदेव राम का इस्तीफा, मेरे गांव के लोग, कथा कहो कुंती माई, समकाल, बाजत अनहद ढोल, बेनीमाधो तिवारी की पतोह, जगदीश कभी नहीं मरते समेत उन्नीस उपन्यास और पूरा सन्नाटा, भाई का जख्म, अगनु कापड़, पहला पाठ, असाढ़ का पहला दिन, हरिजन सेवक, पहली मुक्ति, माइकल जैक्सन की टोपी, पाठशाला समेत उनके ग्यारह कहानी संग्रह और प्रतिनिधि कहानियों के कुछ संग्रह भी प्रकाशित हैं। लाखो, सुबह के लिए, बाबू जी का पासबुक, कुतुब बाजार आदि उनके चर्चित नाटक हैं। ‘रुक जा बदरा’ नामक उनका एक गीत संग्रह भी प्रकाशित है। उनकी कई कहानियों के नाट्य मंचन भी हुए हैं। वे जन नाट्य संस्था युवानीति के संस्थापकों में से थे। मधुकर सिंह ने कुछ कहानी संकलनों का संपादन भी किया। बच्चों के लिए भी दर्जनों उपन्यास और कहानियां उन्होंने लिखी। उनकी रचनाओं के तमिल, मलयालम, कन्नड़, तेलुगु, मराठी, पंजाबी, उडि़या, बांग्ला, चीनी, जापानी, रूसी और अंग्रेजी में अनुवाद हो चुके हैं। उन्होंने ‘इस बार’ पत्रिका के अतिरिक्त कुछ पत्र-पत्रिकाओं का संपादन भी किया। हमेशा प्रगतिशील-जनवादी साहित्यिक-सांस्कृतिक आंदोलन से जुड़े रहे कथाकार मधुकर सिंह जन संस्कृति मंच की स्थापना के समय से ही इसके साथ थे। उन्होंने जसम के राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी के सदस्य बतौर अपनी जिम्मेवारियां निभाई और लंबे समय तक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार, फणीश्वरनाथ रेण पुरस्कार, कर्पूरी ठाकुर पुरस्कार समेत उन्हें कई सम्मान और पुरस्कार मिले। पिछले ही साल आरा में उन्हें जन संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया गया था और उनके साहित्यिक योगदान का मूल्यांकन किया गया था। 
जन संस्कृति मंच जनता के संघर्षों के हमसफर, साथी और अपने अत्यंत प्रिय लेखक मधुकर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है.
(जसम के केन्द्रीय कार्यकारिणी की ओर से सुधीर सुमन द्वारा जारी)

Monday, July 14, 2014

रूढ़ियों से भिड़ते हुए आधुनिक रास्ते पर चलने की उनकी जीवन-कथा हमेशा रहेगी



सलाम ज़ोहरा सहगल !


जोहरा सहगल नहीं रहीं। बीती 10 जुलाई को उन्होने इस दुनिया को अलविदा कहा। सबकी मौत का एक दिन मुअय्यन है, पर जाने क्यों, उन्हें देख लगता था कि वे हमेशा रहेंगी। उनकी जीवंत, गतिशील और आवेगमय छवि उनके चाहने वालों की आँखों में हमेशा बनी रहेगी।



ज़ोहरा बरतानवी हुकूमत के दौर में 1912 में सहारनपुर में रोहिल्ला पठानों के खानदान में पैदा हुईं। क्वींस कॉलेज लाहौर में शिक्षा पाई। ढर्रे पर चलना उनकी तबीयत को गवारा न था, सो कुछ अलग करने की सोची। मामा सईदुज्जफर खान स्कॉटलैंड में थे, उन्होने ज़ोहरा को नाटक सीखने को बुला लिया। उस जमाने में ज़ोहरा कार से लाहौर से फिलिस्तीन होते हुए मिस्र तक गई। यूरोप पहुँच कर उन्होने आधुनिक नृत्य का अध्ययन किया। यहीं प्रख्यात नृत्य गुरु उदयशंकर से उनकी मुलाक़ात हुई, बाद में जिनके साथ ज़ोहरा ने काम किया।


उदयशंकर के साथ लंबे समय तक काम करने के दौरान ज़ोहरा, कामेश्वर सहगल से मिलीं। दोनों ने मिलकर नृत्य में जबर्दस्त काम किया। विभाजन के दौरान दोनों बंबई आ गए और ज़ोहरा की जिंदगी का नया दौर शुरू हुआ।


ज़ोहरा ने 1945 में नाटक की दुनिया में कदम रखा और उनका जुड़ाव प्रगतिशील कला-समूहों, पृथ्वी थियेटर और इप्टा से हुआ। इप्टा की फिल्म-प्रस्तुतियों, 'धरती के लाल' [ख्वाजा अहमद अब्बास] और 'नीचा नगर' [चेतन आनंद] में उन्होने काम किया। इब्राहिम अलकाजी के नाटक 'धरती के अंधेरे' में उन्होने काम किया। बीच-बीच में वे फिल्मों में नृत्य-निर्देशन भी करती रहीं।


59 में पति की मृत्यु के बाद वे दिल्ली की नाट्य अकादमी की निदेशक बनाई गईं। 62 में अध्ययन के लिए लंदन गईं और वहाँ कई धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया। भारत लौटकर उनके व्यक्तित्त्व का एक और पहलू उभरा- उन्होने कई जगह विभिन्न कवियों के काव्य-पाठ की प्रस्तुति दी। फ़ैज़ उनके पसंदीदा शायरों में से एक थे। बाद के दिनों में हिन्दी मुख्यधारा सिनेमा में उन्हें कई तरह के अभिनय करने का मौका मिला, 'दिल से' से लेकर 'साँवरिया' तक बीसियों फिल्मों में उन्होने काम किया और अपनी अभिनय प्रतिभा को स्थापित किया। आखिरी दिनों में वे दिल्ली में रह रही थीं। सरकार उन्हें निचले तले का मकान भी उपलब्ध नहीं करा पाई जिसके लिए वे बार-बार दरख्वास्त करती रहीं।


कम ही लोगों को पता होगा कि महिला आंदोलन से उनकी एकजुटता थी। एक बार उन्होने 'अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन' के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भी की थी। मशहूर इतिहासकार इरफान हबीब ने ज़ोहरा सहगल को याद करते हुए कहा कि 'वह अपनी शर्तों पर जीने वाली महिला थीं।' वे एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने अपने लिए जिंदगी चुनी, दुनिया से भिड़ते हुए अपना खुद का रास्ता बनाया। शायद ख्वाजा अहमद अब्बास ने ऐसा ही कुछ देखा-महसूस किया होगा, जब उन्होने ज़ोहरा को 'भारत की इजाडोरा डंकन' कहा था।


ज़ोहरा सहगल नहीं रहीं, पर रूढ़ियों से भिड़ते हुए आधुनिक रास्ते पर चलने की उनकी जीवन-कथा हमेशा रहेगी। चिरयुवा ज़ोहरा सहगल अपने आखिरी दिनों में भी वैसी ही रहीं- जीवन से आवेग से दमकती हुई ! 


जन संस्कृति मंच उन्हें आखिरी सलाम पेश करता है।


जन संस्कृति मंच की ओर से जारी। 

Friday, July 11, 2014

नयेपन की तलाश जोहरा की खासियत है : योगराज टंडन

बेहद जिंदादिल और हमेशा नौजवानों सी उर्जा से भरी जोहरा सहगल ने आज 10 जुलाई को आखिरी सांसें ली. साहित्य अकादमी के सभागार में मैंने 4-5 साल पहले उनकी जुबान से हफीज जालंधरी की मशहूर नज्म 'अभी तो मैं जवां हूँ' को सुना था. मेरे लिए वह अद्भुत अनुभव था. भारतीय रंगमंच और फिल्म जगत की इस बेमिसाल शख्सियत को हार्दिक श्रद्धांजलि.

रेडियो और दूरदर्शन में नाट्य लेखन व प्रस्तुति संबंधी कार्यों से जुड़े योगराज टंडन जी ने उनके 100 साल पूरे होने पर एक दिन दूरदर्शन आर्काइव में मुझे और श्याम सुशील को उनसे सम्बंधित एक संस्मरण सुनाया था. 1950 में पृथ्वी थियेटर में टंडन जी ने जोहरा सहगल के साथ काम किया था। उनकी पुस्तक ‘थियेटर के सरताज पृथ्वीराज’ में भी जोहरा सहगल से संबंधित प्रसंग  हैं। पेश है योगराज टंडन का वह संस्मरण- सुधीर सुमन 

... मैं जब बंबई पहुंचा तो वहां नेपथ्य में मुझे भूमिका मिली, मुझे अभिनेताओं के अभिनय और प्रापर्टी वगैरह पर नजर रखनी थी। वहीं पहली मुलाकात जोहरा सहगल से हुई।नाटक ‘गद्दार’ में वे बड़ी बी बनती थीं। हफ्ते दो हफ्ते बाद मैंने एक दिन उन्हें टोका कि ये डायलाॅग आपने गलत बोला। आपका किरदार तो यह बोल ही नहीं सकता। बिना किसी बहस के वे मेरी बात से सहमत हो गईं।

पृथ्वी थियेटर में शामिल होने से पहले जोहरा सहगल और उनकी छोटी बहन अजरा मुमताज अंतराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर भारतीय नर्तक उदय शंकर के बैले ग्रुप में थीं और इस ग्रुप में काफी महत्वपूर्ण स्थान रखती थीं। खासकर जोहरा जी तो अल्मोड़ा में उदय शंकर जी की नृत्य एकेडमी की सक्रिय कार्यकर्ता थीं। वहां नृत्य की शिक्षा के लिए जो कायदे-कानून बनाए गए थे, वे उस सिलेबस की इंचार्ज थीं। वहीं उन्होंने अपने से आठ साल छोटे एक नवयुवक नर्तक और चित्रकार साथी कामेश्वर सहगल से शादी की। उन दिनों यह शादी अपने प्रकार की पहली शादी कही जा सकती थी। इसमें किसी को अपना धर्म बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उनके परिवार के लोग चाहते थे कि वे धर्म परिवर्तन कर लें। लेकिन उन्होंने बिना धर्म परिवर्तन किए साथ रहना तय किया और इसकी बहुत चर्चा थी। इसे लोगों ने बड़ा सराहा और एक प्रगतिशील कदम बताया। इसके बाद जोहरा जी और कामेश्वर सहगल अल्मोड़ा छोड़कर लाहौर चले गए और वहां नृत्य की शिक्षा के लिए एकेडमी खोल ली। आरंभ में तो अपनी आजादख्याली और प्रगतिशील दृष्टिकोण के कारण लाहौर के सामाजिक लोगों ने उनको हाथोहाथ लिया। जगह-जगह उनके सम्मान में दावतें हुईं। उनको जनसभाओं और घरेलू किस्म की बैठकों में बुलाया गया, उनके विचार सुने गए। एक हिंदू तो दूसरा मुसलमान, फिर भी एक साथ जीवन बसर कर रहे हैं, घर-घर में उनकी शादी के बड़े सुखद चर्चे होने लगे थे। उस वक्त माहौल ऐसा था भी कि होली हिंदू-मुस्लिम साथ मिलके मनाते थे। दीवाली के दिन मुसलमान भी दीये जलाते थे। हमारे ननिहाल में तजिया निकलता था और उसके लिए जो घोड़ा पाला जाता था, वह हिंदू नंबरदार पालते थे। वही मुसलमान थे जिन्होंने दंगे-फसाद के दौरान हिंदुओं को बचाया और हिंदुओं ने मुसलमानों को। खुद मेरे पिता को भी उनके मुस्लिम दोस्त ने अपने पास रखा। दोस्त की बीवी रोज काफिर कहके उन्हें गालियां देतीं। एक दिन दोस्त ने अपनी बीवी को गालियां बकते सुन लिया और उसने कहा कि तुमसे पहले मेरा दोस्त है और उसी वक्त तलाक, तलाक, तलाक कहके तलाक दे दिया। बाद में फिर मौलवी आए, उन्होंने कहा कि गुस्से में कहा है इसलिए यह तलाक मंजूर नहीं होगा। लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां तो बदल चुकी थीं। मुस्लिम लीग और कट्टर किस्म के मौलानाओं का प्रभाव उभरने लगा तो लोगों की दृष्टि बदलने में देर नहीं लगी। तारीफ के बजाए अब नुक्ताचीनी होने लगी। शको-शुब्हात के घने बादल चारों ओर मंडराने लगे। बहानों-बहानों जोहरा सहगल और कामेश्वर सहगल का सोशल बाइकाॅट भी होने लगा। इसके बाद ही दोनों सबकुछ समेटकर लाहौर से बंबई आ गए। 

जोहरा जी को अपनी सूझबूझ और नृत्य में निपुणता के कारण फिल्मों में काम मिलने लगा, पर वह उस काम से भिन्न था, जिसे उन्होंने उदय शंकर के साथ किया या लाहौर में जिसे करने के लिए उत्साह के साथ लगी थीं। जोहरा जी की छोटी बहन अजरा अब तक पृथ्वी थियेटर में शामिल हो चुकी थीं। पृथ्वी थियेटर अब तक दो नाटकों के शो हो चुके थे। जोहरा जी जब वहां पहुंची तो दूसरे नाटक की ही आगामी प्रस्तुतियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। नाटक की कास्ट तय थी। एक्टिंग जोहरा जी का पहला शौक था, वे पृथ्वी थियेटर में आना चाहती थीं। मगर पृथ्वीराज कपूर के मन में एक झिझक थी कि अजरा उनकी दोनों नाटकों की हीरोइन थीं, वे जो मासिक वेतन अजरा जी को दे रहे थे, उससे कम या ज्यादा वेतन वे जोहरा जी को दे नहीं सकते थे। आखिरकार जोहरा जी अभिनेत्री के बतौर नहीं, बल्कि नाटकों में नृत्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पृथ्वी थियेटर में शामिल हुईं, लेकिन बहुत जल्द ही उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से अपना एक खास स्थान बना लिया। डांस में तरतीब देने के साथ-साथ बाकायदा नृत्य सिखाने के लिए रोजाना कलाकारों को अभ्यास भी कराती थीं। हर अभिनेता-अभिनेत्री को निजी रूप से एक-एक शारीरिक हरकत का अभ्यास कराती थीं। 

जब मैंने पृथ्वीराज जी का घर छोड़ा तो मुझे सर छुपाने के लिए कोई जगह चाहिए थी। जोहरा जी ने कहा कि मेरे सर्वेंट क्वाटर में रह लो। पैरी रोड पर वह बंग्ला था। मैंने कहा कि मैं कहां से उसका किराया दे पाऊंगा। छूटते ही वे बोलीं- जो बन सके वह दे देना। वहां रहना शुरू किया। रोज सुबह ही निकल जाता था। जोहरा जी अपने नौकर से हमेशा यह कहती थीं कि इसका ख्याल रखना। बल्कि अक्सर वे कहती रहती थीं कि- कभी तो मेरे साथ बैठकर खा। यह संभव नहीं हो पाता था। लेकिन उनकी एक क्रिश्चन सहेली कई बार मुझे भोजन करा देतीं थीं, उनका तर्क होता कि क्रिश्चन हूं, अकेले कैसे खा सकती हूं। मुझे लगता है कि यह सब जोहरा जी के इशारे पर होता था। वे हमारे लिए आइडियल हैं। व्यवहार उनका बहुत अच्छा रहा है। वे मेरा पूरा ख्याल रखती थीं। मुझे याद है कि जब मुझे महीने में 75 रुपये मिलते थे जिनमें 25 रुपये मैं घर भेज देता था। मेरे बड़े भाई की शादी होनी थी। मैं सोच रहा था कि जब मैं कुछ कंट्रिब्यूट नहीं कर सकता, तो क्यों जाऊं? जोहरा जी को शादी के बारे में पता चला, तो पूछने लगीं कि कब जा रहा है? मैंने कहा- मैं तो नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि ये तो कोई बात नहीं। लेकिन उनका वश नहीं चला। फिर उन्होंने पापा जी- पृथ्वीराज जी से कहा कि ये अपने भाई की शादी में नहीं जा रहा है। खैर, पृथ्वीराज जी ने समझाया कि तुम कुछ नहीं दे सकते, यह तो ठीक है, पर तुम नहीं जाओगे तो जान-पहचान वाले क्या कहेंगे? लोग सोचेंगे कि तुम भाई की शादी में क्यों नहीं हो? बड़ी बदनामी होगी। ये जो तुम बोझ बनने से परेशान हो, उससे तो ज्यादा बुरा होगा न! खैर, मैं गया। अगर जोहरा जी ने पहल न की होती, तो मैं अपने भाई की शादी में न गया होता। इसे मैं कभी नहीं भुलता। अजरा जी की आपा तो वे थी हीं, वे सबके लिए आपा जैसी ही थीं। बड़ा ह्यूमन व्यक्तित्व है उनका।

दीवार में पहले जो भूमिका बलराज साहनी की पत्नी करती थीं, उनकी मृत्यु के बाद जोहरा वह रोल करने लगीं। पहले किसी द्वारा निभाई गई भूमिका के बाद उसी भूमिका को निभाना और अपना प्रभाव छोड़ना बहुत मुश्किल होता है, जो उन्होंने किया। एक थियेटर आर्टिस्ट के लिए बाॅडी मूवमेंट्स और कैरेक्टर की समझदारी, कि कौन सा रोल निभाना है, उसकी भाषा कैसी होनी चाहिए, यह सब उनमें है। आप जान लीजिए कि मैं तो मामूली असिस्टेंट था, मैंने कोई बात कही, तो वे उसे सुनती थीं। यूं सर पर सवार होकर कभी पेश नहीं आतीं थीं। जब वे ‘दीवार’ नाटक में विदेशी औरत का रोल करती थीं, तो बाल कैसे बनाने हैं, टोपी कौन सी लगानी है, हमेशा यह सोचती रहती थीं। कहीं न कहीं नयापन लाने की कोशिश वे हमेशा करती थीं। वह तलाश अब भी उनकी जारी है। उनकी क्रिएटिविटी थकती नहीं। इस उम्र में भी वे वोकल और बाॅडी एक्सरसाइज करती हैं, जबकि वे अपने आप चल नहीं सकतीं। ह्विल चेयर पर चलती हैं। याददाश्त उनकी गजब की है। लगता ही नहीं कि बूढ़ी हैं। मुझे तो हमेशा उसी तरह से यंग लगती हैं। मुझे उनकी हर परफामेंस नई लगी। रोल तो एक ही होता था और हफ्ते में उसकी तीन-तीन प्रस्तुतियां होती थीं। मगर हर बार वे कुछ न कुछ चेंज कर देती थीं। कभी कास्ट्यूम तो कभी कुछ, और यह सब बड़ा कन्विसिंग लगता था। इतना ही नहीं कि खुद अपने में चेंज कर लेती थीं, बल्कि उस परिवर्तन के बारे में साथी कलाकार से बात भी करती थीं कि अगर ऐसा बदलाव किया जाए तो कैसा रहेगा, ताकि वह भी उसके अनुरूप अपनी भूमिका को निभाए। 

बाद में उनके और उनके पति के बीच टकराव पैदा हुआ। कामेश्वर कुछ ज्यादा ही आत्मकेंद्रित थे। उन्हें लगता था मानो वो समय से बहुत पहले आ गए हों और उनके प्रशंसक अभी उतनी सूझबूझ नहीं रखते कि उनकी रचना को समझ सकें। वे यह नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी आर्टिस्ट बने, यह भी तनाव की वजह थी। एक बड़ी वजह यह भी रही होगी कि जितना जोहरा लाइम लाइट में थीं, वे उतने नहीं थे। तंग आकर उन्होंने खुदकुशी कर ली। अब घर जोहरा जी को काटने के लिए दौड़ता था। कुछ दिन वे अजरा जी के साथ रहीं। पृथ्वी थियेटर तब ‘पृथ्वी हट’ बन गया था। कुछ दिन वहां रहने की कोशिश की, पर बंबई शहर में रह पाना मानसिक रूप से उनके लिए बहुत कष्टकर था। लेकिन वे जीना चाहती थीं अपने बच्चों के लिए। उन्होंने बंबई शहर और पृथ्वी थिएटर दोनों को छोड़ दिया। पृथ्वीराज कपूर चाहकर भी उन्हें रोक नहीं सके। पहले वे दिल्ली आईं और फिर लंबे समय के लिए लंदन चली गईं। भारत वापस आने के बाद उन्होंने दिल्ली शहर को ही अपना घर बना लिया।पति के मृत्यु के बाद खुद ही बच्चों को पाला, नाटक किया, उन्हें पढ़ाया। जैसी वे थीं, वैसा ही बच्चों को बनाया। पति के साथ तनाव के दौरान भी कभी बच्चों को पति के खिलाफ भड़काया नहीं। 

1983 में जब मैं दूरदर्शन में ड्रामा प्रोड्यूसर था तब उनसे मुलाकात हुई। मैंने कहा कि जोहरा जी मैं चाहता हूं कि आप नाटक में काम करें। लेकिन आपकी जितनी फीस है वह दे नहीं पाऊंगा। दूरदर्शन में दूसरी मुश्किलें थीं। अधिकारियों का यह कहना था उनकी आवाज अप्रूव्ड नहीं है। मेरे यह बताने का भी उन पर असर नहीं पड़ रहा था कि वे फिल्मों में काम कर चुकी हैं, पृथ्वी थियेटर में काम कर चुकी हैं। उनकी पोजिशन ऐसी है कि आवाज के एपू्रवल की जरूरत नहीं है। खैर, बड़ी मुश्किल से फाइल पहुंची अपनी जगह पर। उस वक्त उनको प्रति नाटक 1000 रुपये देना तय हुआ। 1989 में अपनी रिटायरमेंट के बाद मैं उनके यहां आता-जाता रहा। वहीं उन पर केंद्रित एक किताब पढ़ने को मिली। मैंने उनकी जीवनी लिखनी शुरू की थी, पर मेरी कमजोरी कहिए कि 50-60 पन्नों के बाद आगे नहीं लिख पाया। मुझे लगा कि पुनरावृति हो रही है, पृथ्वीराज कपूर वाली किताब के ही प्रसंग बार-बार आ जा रहे थे। मुझे लगा कि उन्हीं प्रसंगों को लेकर दुबारा एक किताब लिखना ईमानदारी नहीं होगी। फिर भी क्या जीवन है उनका! अपनी फैमिली में सबसे ज्यादा आधुनिक और रिवोल्ट करने वाली महिला हैं वे। पहले एयर सर्विस तो इस तरह थी नहीं, पानी के जहाज से ही जाना पड़ता था। वे पानी के जहाज से ही देश-दुनिया में गईं। उन्होंने कार चलाना सीखा। नाम याद नहीं आ रहा, एक बार तो एक मुस्लिम मुल्क में वे यहां से कार से ही गईं। एडवेंचर उन्हें पसंद है। उनकी बेटी उन्हें प्यार से फैटी कहती है, पर वे वैसे मोटी नहीं रहीं कभी भी। वे अब भी रियाज करती हैं। डांस वाली बाॅडी है उनकी। अभी भी फैज और हफीज जालंधरी उन्हें याद है। उनकी आवाज की गूंज अभी भी पहले जैसी ही है। 

हां, अजरा जरूर उनसे ज्यादा खूबसूरत थीं, लेकिन वे नाटक में अपनी निरंतरता बरकरार नहीं रख सकीं। बेशक जोहरा जी देखने में अधिक सुंदर नहीं थीं। लेकिन उनमें आकर्षण भरपूर रहा है। उनके बातचीत करने में अद्भत किस्म का अपनापन और आकर्षण है। जब वे नृत्य करती थीं, तो आकर्षण की सारी सीमाएं टूट जाती थीं। आयु का बंधन टूट जाता था। 

आज के दौर में आर्ट थोड़ा पीछे रह गया है, शोमैनशिप और ग्लैमर आगे आ गया है। आज के दौर में किसी जोहरा सहगल को आना होगा, तो उसे उनसे भी ज्यादा ग्रेट होना होगा, क्योंकि जमीन हमवार नहीं है, उबड़-खाबड़ रास्ते हैं। लाइटिंग और कपड़े ही जरूरी हो गए हैं। कहानी, डायलाॅग और कैरेक्टर पीछे रह गए हैं। पहले स्क्रिप्ट पर कितनी बहसें होती थी, लेकिन आज किसके पास फुर्सत है! एक खला है, एक गैप है। ऐसे दौर में हम परफार्म करती जोहरा सहगल को बहुत मिस करते हैं। आज तो बस उन्हें बोलते हुए ही हम सुन पा रहे हैं।

Monday, June 9, 2014

एक रेलयात्री की सामान्य आपबीती


गरीब रथ में जब टिकट लिया था तब वेटिंग 236 था। जिस दिन सफर की तारीख थी, उस दिन सुबह से कन्फर्मेशन की स्थिति जानने के लिए लगातार कोशिश करता रहा। मेरे साथ एक सीनियर कामरेड थे जो कई दिनों से टिकट कन्फर्म न होने के कारण परेशान थे, बाद उन्होंने भी उसी ट्रेन मेें तत्काल में टिकट लिया था और उनका सीट भी कन्फर्म हो गया। मैंने एक रेलवे अधिकारी मित्र से भी आग्रह किया था कन्फर्मेशन के लिए। टे्रन को शाम पांच बजे खुलना था। लेकिन भागलपुर से आनंदविहार आने वाली ट्रेन ही समय पर नहीं आई थी। वह लगभग 10 घंटे लेट पहुंची। शाम 7 बजे मेरा भी टिकट कन्फर्म हो गया। लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि सीट की स्थिति क्या होगी? असल में गरीब रथ की कुछ बोगियों में साइड में भी तीन-तीन सीटें लगी होती हैं। मेरे सफर में आम तौर पर एक बड़ा बैग रहता है। लेकिन इस बार तीन भारी सामान थे और उनको घर ले जाना जरूरी था। इसीलिए बुकिंग के वक्त अपर बर्थ का चुनाव किया था। खैर, कन्फर्मेशन के बाद जो सीट नंबर था, सामान्य बोगियों के लिहाज से उसे अपर बर्थ ही होना चाहिए, यह सोचकर मैने सफर के सामान को कम नही किया। 
रेल प्रशासन ने ट्रेन के प्रस्थान का समय पहले रात 12 बजे और बाद में रात 3 बजे तय किया। मैंने 1:20 का एलार्म लगाया। लेकिन ठीक से नींद नहीं आई, रात 12:30 में ही जाने की तैयारी में जुट गया। एक बार फिर इंटरनेट कनेक्शन और कम्प्यूटर आॅन किया। गाड़ी के प्रस्थान संबंधी सूचना देखी। प्रस्थान का संभावित समय 3 बजे रात ही था। 1:30 में हम सड़क पर आए। एक आॅटो किया। मेट्रो से जहां जाने में 10-10 रुपये लगते वहीं आॅटो वाला 100 रु. पर तैयार हुआ। वह तेज गति से आॅटो चला रहा था। शायद उसका अगला चक्का कुछ टाल था, जिसकी वजह से मुझे आॅटो कुछ असंतुलित ढंग से चलता लग रहा था। साल के शुरू में हुए आॅटो एक्सिडेंट की भी रह-रह के याद आ रही थी। कभी कभी लग रहा था कि ड्राइवर हल्की नींद में है या यह भी आशंका हो रही थी कि कहीं दारु तो नहीं पी रखी है, हालांकि शराब की कोई गंध नहीं थी। मैं नास्तिक, किसी भगवान को भी नहीं पुकार सकता था। ड्राइवर ही हमारा भगवान था, कई बार जिसका एक ही हाथ स्टेरियरिंग पर रहता था, दूसरा हाथ माथा के पीछे गर्दन के उपर खुजाने में व्यस्त था। खैर, हम सुरक्षित स्टेशन पहुंच गए। 
ट्रेन आधा घंटा पहले स्टेशन पर आ गई। मैं अपने कोच में घुसा और अपनी सीट पर पहुंचा. लेकिन जिसका डर था, वही बात हो गई। वह सीट तो साइड की मिडिल सीट निकली। तब तक किसी सज्जन ने अपने सीटों की संख्या सुनाई, मैं चौंका- अरे, उसमें तो मेरा सीट नंबर भी है। उनसे पूछा तो उन्होंने अपने मोबाइल का मैसेज बाॅक्स खोलके दिखा दिया। वही नंबर! मैंने भी अपने मोबाइल का इनबाॅक्स खोलके दिखाया। तब तय हुआ कि टीटी आएगा, तो वहीं फैसला करेगा। इसी बीच दो महिलाएं बाल-बच्चा समेत वहां आकर बैठ गईं। उन्होंने भी वही नंबर बताया। मैंने कहा कि यह नीचे के बर्थ का नंबर नहीं है, यह नंबर मिडिल बर्थ का है और वह मेरा है। अगर टीटी के भरोसे रहना होता, तो शायद और परेशानी होती। वे लोग तो सात-आठ घंटे बाद नजर आए। बोगी के बाहर लगे रिजर्वेशन चार्ट से निर्णय हुआ कि वह सीट मेरा ही है। खैर, मैंने जल्दी-जल्दी दो सीटों के नीचे दो सामानों को व्यवस्थित किया। बाद में जब नीचे के बर्थ वाले की मेहरबानी हुई, तब मैंने मिडिल बर्थ को सेट किया और तीसरे बैग को सिरहाने रखके लेटा। 
पानी का बोतल ले रखा था। लेकिन अपना ही पिछला सबक इस बार भूल गया था। सबक यह है कि ट्रेन लेट होने पर खाने-पीने का सामान पहले ही ले लेना चाहिए, वर्ना अनिच्छा से उपवास करना पड़ सकता है। ऐसा ही हुआ। हमारी सीनियर कामरेड दो बोगी पीछे थे। उन तक जा पाना भी संभव नहीं था। मेरा जूता यात्रियों के सामान के नीचे दबा था। ट्रेन में जितने रिजर्वेशन वाले यात्री थे, उससे ज्यादा वेटिंग वाले थे। खैर, गरीब रथ के एसी ने जरूर सहूलियत दी। 
कायदे से ट्रेन को बारह घंटे में यानी 3 बजे शाम तक आरा पहुंच जाना चाहिए था। लेकिन कानपुर के बाद पहले से ही देरी से खुलने वाली ट्रेन और देर करने लगी। कानपुर निकल गया, तो सोचा कि इलाहाबाद में कुछ खाने को लिया जाएगा। लेकिन वहां फुड स्टाॅलों पर यात्रियों की इतनी भीड़ लग गई कि कुछ भी ले पाना संभव न हुआ। मेरी ही तरह निराश कुछ यात्रियों ने खुद को सांत्वना दी कि कोई बात नहीं, मुगलसराय में ले लेंगे। कानपुर से ट्रेन को मुगलसराय पहुंचने में करीब 10 घंटे लग गए। सुपर फास्ट ट्रेनें भी इस बीच मालगाडि़यों के सम्मान में उनके पीछे-पीछे चलती हैं, रुककर उन्हें रास्ता देती हैं। कई बार का ऐसा अनुभव है। हर बार लगता है कि यात्रियों का समय रेल प्रशासन तो बर्बाद करता ही है, साथ ही सुपर फास्ट चार्ज भी ट्रेनों की देरी की वजह से एक किस्म की लूट लगती है। 
इलाहाबाद पहुंचते-पहुंचते नीचे के यात्रियों का दबाव बढ़ गया था कि बीच वाली सीट को समेट दिया जाए। मैंने कहा कि मैं अपना बैग कहां रखूंगा। खैर, उन्हें बैठने में दिक्कत हो रही थी, सो उन्होंने एक सीट पर मेरा बैग व्यवस्थित किया। सीट समेट दी गई। मुझे नीचे की सीट पर एक साइड में लगभग उकडूं सा बैठने को मिला। 
सामने की दो सीटों पर कुछ नौजवान विराजमान थे। वे भी ट्रेन की लेटलतीफी से उबे हुए थे। उन लोगों की बातें दिलचस्प थी। आजकल जिस नेता के चमत्कार के महिमामंडन में देश की मीडिया डूबी हुई है। उससे वे चिढ़े हुए थे। वे पढ़े-लिखे और कहीं रोजगार करने वाले लग रहे थे। उनमें से एक ने चमत्कारी नेता का नाम लेते हुए कहा कि हद हो गई है, दिन रात उसी का नाम, कुछ भी हगेगा तो उसे दिखाएंगे। कि आज जो हगा है, वह नीले रंग का है, आइए देखते हैं इस नीले रंग का क्या महत्व है? मैं बड़ी दिलचस्पी से उन्हें सुन रहा था। कहा जा रहा है कि नौजवान बड़े फिदा हैं उस पर, लेकिन यहां तो ये नौजवान उससे उबे हुए थे। उसके प्रति किसी सम्मान का भाव भी नहीं था उनमें और उसके प्रति किसी किस्म की उम्मीद भी मुझे उन नौजवानों में नजर नहीं आ रही थी। सिद्धांत व नीतियों को भूलकर अपने स्वार्थ के लिए उस तथाकथित चमत्कारी नेता की पार्टी का साथ देने वाले मौकापरस्त नेताओं पर भी वे कटाक्ष कर रहे थे। जाहिर है यह भी एक यथार्थ था, जिसका टीवी चैनलों से अलग मुझे रेल के सफर में अहसास हो रहा था।
अब ट्रेनों और प्लेटफार्म की दुनिया में पहले जैसी कहां रही। ताजा पुड़ी सब्जी आदि बेचने वाले वहां से खदेड़े जा चुके हैं। मुगलसराय के ठीक पहले के स्टेशन पर भीगे हुए चना वाले आए तो मेरा उपवास टूटा। अंततः साढ़े छह बजे ट्रेन मुगलसराय पहुंची तो यहां दो समोसे और एक पैटीज लेने में सफल हुआ, जाहिर है जो तुरत के बने नहीं थे। खाने के सामानों की कीमत भी पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ा दी गई है। इसके बाद एक चायवाले से ‘रामप्यारी चाय’ ली। मालूम हुआ जो चाय पिछले कुछ ही माह पहले 7 रुपये की मिलती थी, वह 10 रुपये की हो गई है। 
खैर, मुगलसराय से आरा तक ट्रेन ठीक-ठाक चली और ट्रेन के चलने के साढ़े उन्नीस घंटे बाद और रेलवे टाइम टेबुल के निर्धारित समय से साढ़े अट्ठाइस घंटे बाद आरा पहुंचा। दो बैग और एक बोरे के साथ मैं बाहर आया। रेलवे स्टेशन के कैंपस में रिक्शावाले कम ही थे। जो थे भी वे तैयार न हुए। और जैसा कि ऐसी परिस्थितियों में होता है, मैं अपने बाजुओं और कंधों पर भरोसा करता हूं। चल पड़ा। तीन-चार सौ कदम बाद एक रिक्शा वाला विपरीत दिशा से आता हुआ दिखाई दिया। पुकारने पर वह रुका। मैंने अपने मुहल्ले का नाम बताया। उसके बाद वह कुछ सोचने लगा, फिर कहा कि रिक्शा जमा करने का समय हो गया है। मैं फिर आगे बढ़ चला। फिर डेढ़ सौ कदम चलने के बाद लगा कि अब खुद ढोकर ले जाना मुश्किल है। एक और रिक्शे वाले को आवाज दी, वह भी नहीं रुका। पैदल मुहल्ले में पहुंचने में दस मिनट से ज्यादा नहीं लगता, पर सामान भारी था। ट्रेन समय पर पहुंचती तो सहजता से किसी दोस्त को बुला लेता। दस बजे रात को क्या करूं! सब दिन भर के काम के बाद खाने-पीने की तैयारी में लगे होंगे। आखिरकार अपने एक दोस्त को फोन किया, उसने अपने भतीजे को स्कूटी से भेजा। उसके बाद मैं सही-सलामत सामान सहित घर पहुंचा। 
यह ट्रेन वातानुकूलित थी और यात्री को स्टेशन के पास ही एक ही मुहल्ले में जाना था, जरा सोचिए गैर वातानुकूलित ट्रेनों से सफर करने वाले और किसी स्टेशन पर उतरकर दूर गांव-देहात जाने वाले यात्रियों का क्या हाल होता होगा!

Wednesday, June 4, 2014

लालकिला और जनता के न होने के मायने : सुधीर सुमन


अपनी एक मशहूर कविता ‘रेल’ में कवि आलोकधन्वा लिखते हैं-


हर भले आदमी की एक रेल होती है

जो मां के घर की ओर जाती है

सीटी बजाती हुई

धुंआ उड़ाती हुई। 

वक्त गुजरने के साथ धुंआ उड़ाने वाली ट्रेनें तो कम हो गईं, पर भले आदमियों की अपनी-अपनी रेलें तब भी रहीं, जो उनकी मां के घर की ओर जाती थीं। अब भला तमाम कुव्यवस्थाओं को दूर करने की बजाय बुलेट ट्रेन का सपना बेचने में मशगूल नई हुकूमत के रेल अधिकारियों को उन भले आदमियों की भावनाओं से क्या लेना-देना जिनकीे मां के घर की ओर लालकिला और जनता एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें जाती रही हैं! 

पिछले हफ्ता-दस दिन से दिल्ली-हाबड़ा रूट की ट्रेनें लगातार देर से चल रहीं हैं, पर देरी की वजहों को दुरुस्त करने के बजाए रेल प्रशासन ने इस रूट की दो ऐतिहासिक ट्रेनों को ही बंद करने का निर्णय ले लिया है। लालकिला एक्सप्रेस इस देश में रेलवे के शुरुआती दौर की ट्रेन है, इसका परिचालन 1866 में हावड़ा से दिल्ली के बीच शुरू हुआ था। 11 अप और 12 डाउन के नाम से मशहूर यह ट्रेन लंबे समय से गरीब निम्नवित्त के लोगों के सफर का सहारा है। ऐसी ही ट्रेन 13039 अप और 13040 डाउन यानी हाबड़ा-दिल्ली जनता एक्सप्रेस है, जिसका परिचालन 1946 में शुरू हुआ था। ये दोनों ट्रेनें उन लाखों गरीब लोगों की ट्रेनें रही है, जिनके पास समय का अभाव नहीं, बल्कि अर्थाभाव है, जिनके जेब में इतने पैसे नहीं हैं, कि वे तेज रफ्तार और सुविधाओं वाली ट्रेनों या दूसरे द्रुत गति वाले साधनों के यात्री हो सकें। रोजगार की तलाश में अपनी जन्मभूमि छोड़कर दर-दर की खाक छानने वाले मजदूरों की ये ट्रेनें हैं। 

कोई ट्रेन महज लोहे का डिब्बा नहीं होती। और न ही सिर्फ कोयला, डीजल और बिजली से चलती है। वह लोगों की जरूरतों से चलती है। क्या लोगों का अब इन ट्रेनों से कोई वास्ता नहीं रह गया है? क्या इन्हें यात्री नहीं मिल रहे हैं? क्या लोेगों ने इन्हें उपेक्षित कर दिया है? शादी-ब्याह का समय हो या छुट्टियों के दूसरे वक्त, यही ट्रेनें हैं जिनमें रिजर्वेशन मिलने की थोड़ी संभावना रहती है। सच तो यह है कि गर्मी की इन छुट्टियों में इनमें भी रिजर्वेशन मिल पाना संभव नहीं है। कहां तो ट्रेनें बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन कहां दो महानगरों को जोड़ने वाली इन ट्रेनों को बंद करने का तुगलकी फैसला लिया जा रहा है!

रेलवे के अधिकारियों के हवाले से यह खबर मिली है कि कोच कम होने के कारण दोनों ट्रेनें यात्रियों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही हैं, इस कारण इनका परिचालन स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। कोई यह पूछे कि ट्रेन जरूरतों को पूरा कर रही है या नहीं, यह यात्रियों द्वारा भी तय होगा या सिर्फ अधिकारी इसे तय करेंगे? दूसरी खबर के अनुसार एक अधिकारी का यह कहना है कि दोनों ट्रेनें काफी विलंब से चल रही थीं, अब इन दोनों को बंद करके जनता एक्सप्रेस के समय पर ही एक नई ट्रेन चलाई जाएगी। क्या विलंब से चलने के लिए ये ट्रेनें ही दोषी हैं? कोई रेस है क्या, जिसमें वे आगे नहीं भाग पा रही हैं, तो उन्हें मैदान से बाहर खदेड़ दिया जाए? अगर विलंब ही पैमाना है तब तो मगध एक्सप्रेस सरीखी कई दूसरी ट्रेनें भी बंद करनी पड़ सकती हैं? दरअसल ट्रेनों के विलंब की दूसरी वजहें हैं, रेल प्रशासन उनका समाधान करता, तो ज्यादा बेहतर होता। आखिर कौन सी वजह है कि मगध एक्सप्रेस दिल्ली से कानपुर तक तो ठीक-ठाक चलती है, पर कानपुर के बाद मुगलसराय तक रेंगती हुई चलती है और मालगाडि़यों के पीछे पीछे उसे चलना पड़ता है? 

रेल प्रशासन का यह भी कहना है कि लाल किला एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस के बदले जो नई मेल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी, उसकी लोडिंग कैपसिटी बढ़ा दी जाएगी. 20 से 24 बोगियों का रैक लगाए जाने की संभावना है। साथ ही यह भी कहा गया है कि इसे सही समय पर चलाए जाने की कोशिश होगी यानी जो नई ट्रेन होगी, उसके भी सही समय पर चलने की गारंटी नहीं है। अब दो की जगह एक ट्रेन होने से एक ही समय पर लोगों को ट्रेन पकड़ना होगा, दो समयों में दो ट्रेन पकड़ने का जो विकल्प था, वह खत्म हो जाएगा। क्या रेल अधिकारियों को पता है कि कुल मिलाकर कितने यात्री इन दोनों ट्रेनों से सफर करते हैं? 

यदि लोग यह मान रहे हैं कि यह तब्दीली इसलिए की जा रही है कि इन ट्रेनों से सफर करने वालों से अब नई ट्रेन के नाम पर ज्यादा रकम वसूली जा सके, तो वे क्या गलत मान रहे हैं! जिस तरह सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता को नष्ट करके निजी स्कूलों के लिए रास्ता बनाया गया, जिस तरह खेती को घाटे का पेशा बना देने की परिस्थितियां बनाई गईं हैं, ताकि खुद किसान उन्हें पूंजीवादी घरानों को सौंप दें, कहीं भारतीय रेलवे भी उसी रास्ते पर तो नहीं जा रही है! 

गुगल पर खबरें देख रहा हूँ कि आसनसोल, चितरंजन, जसीडीह आदि जगहों में लोग इन ट्रेनों को बंद करने के फैसले से आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि इन दोनों ट्रेनों में सुपर फास्ट शुल्क नहीं लगता। इनको बंद करने से गरीबों को दिल्ली जाने में महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। वे इसका औचित्य भी पूछ रहे हैं कि जब दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ रही है, तो इन दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को क्यों बंद किया जा रहा है?

नब्बे के दशक की शुरुआत में मैं खुद एक रेडियो प्रोग्राम के सिलसिले में लालकिला एक्सप्रेस से पहली बार दिल्ली आया था। तब कम्प्यूटर से रिर्जवेशन नहीं होता था। मैं गलत कोच में अपने नंबर की सीट पर बैठ गया था। ट्रेन जब इलाहाबाद पहुंचने वाली थी, उसके पहले एक छोटे स्टेशन पर मुझे बताया गया कि दूसरे कोच में जाना पड़ेगा। उन्नीस-बीस साल की उम्र में मैं पहली बार अपने शहर से हजार कि.मी. दूर देश की राजधानी में जा रहा था। थोड़ी घड़बड़ाहट-सी थी, पर मुझे याद है कि उस छोटे स्टेशन पर, जिस पर लाल बजरी बिछी हुई थी, मैं दौड़ता हुआ, अपने कोच में पहुंचा। हालांकि वह लालकिला में पहली यात्रा नहीं थी। मेरे बचपन में लालकिला एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस दो ऐसी महत्वपूर्ण ट्रेनें थीं, जो मेरे शहर से होकर पश्चिम बंगाल के आसनसोल शहर की ओर जाती थीं। आसनसोल से सटे बर्णपुर में दादा जी आइरन एंड स्टील कंपनी में काम करते थे। बचपन में भी एकाध बार मैं इनमें सफर कर चुका हूं। जाड़े के दिनों में इन ट्रेनों से जब सुबह-सुबह उस रेलवे स्टेशन पर उतरता था, जहां से बस, जीप और तांगें मेरे गांव की ओर जाते थे, तब सरसो के पीले फूलों का जादू अद्भुत तरीके से पूरी चेतना को अपने आगोश में ले लेता था। वैसे पटना के बाद से ही सरसो के पीले फूलों और गेहूं के पौधों की हरियाली के समुंदर के बीच से ट्रेन मानो तैरते हुई चलती थी। उसके पहले के दृश्य इसलिए याद नहीं रहते थे कि तब रात होती थी। हां, पहाड़ भी पहली बार इन्हीं दोनों ट्रेनों के सौजन्य से देखने को मिले। फिर विद्यार्थी जीवन में कई बार लोकल पैसेंजर ट्रेनों के लेट होने पर इनमें सफर किया। सन् 2001 में जनमत के संपादन की जब जिम्मेवारी मिली, तब शुरुआती वर्षों में यही दोनों ट्रेनें थीं, जिनसे बिना रिजर्वेशन के भी इलाहाबाद से आरा-पटना जाना संभव हो पाता था। कई पाठकों के पत्रों के जवाब भी इन्हीं ट्रेनों की गैरआरक्षित बोगियों में लिखे गए।

मुझे याद है, भूमिहीन किसान मजदूरों के जीवन यथार्थ के कहानीकार और जनगीतकार बिजेंद्र अनिल ने अपने निधन से कुछ वर्ष पूर्व हिंदी कहानी में यथार्थ के सवाल पर इन्हीं ट्रेनों और आरा और बक्सर के बीच मौजूद अपने छोटे से रेलवे स्टेशन रघुनाथपुर को रूपक बनाते हुए अपनी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि हमारे रेलवे स्टेशन से जिस तरह राजधानी और अन्य कई ट्रेनें बिना रुके तूफान की तरह गुजर जाती हैं, उसी तरह बहुत सारा यथार्थ जिनकी चर्चा महानगरों के आलोचक करते हैं, वे हमारे बीच से तूफान की तरह गुजर जाते हैं। कहने का मतलब यथार्थ के वे नजरिए यहां जगह ही नहीं बना पाते। दरअसल रघुनाथपुर स्टेशन पर लोकल ट्रेनों के अलावा लालकिला, जनता एक्सप्रेस और तूफान एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें ही रुकती रही हैं। उनमें जो लोग सफर करते रहे हैं, उन्हीं के वर्गीय सरोकारों की कहानियां बिजेंद्र अनिल लिखते थे। मुझे तो यह भी आशंका हो रही है कि लालकिला और जनता एक्सप्रेस के बाद कहीं तूफान एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को भी न बंद कर दिया जाए! उससे भी मेहनतकश वर्ग की बहुत बड़ी तादाद आती-जाती है।

यह फैसला तो कुछ कुछ ऐसा ही है कि बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है, पर नौकरियां सृजित करने के बजाए पहले से काम कर रहे लोगों की छंटनी की जा रही है या पद ही खत्म किए जा रहे हैं। अब तो लंबी दूरी वाली पैसेंजर ट्रेनें प्रायः हैं नहीं, ये काम भी यही दोनों ट्रेनें करती रही हैं। इस पूरे रूट में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों कर्मचारी और छात्र भी इनसे सफर करते रहे हैं। इस रूट में तो और नए ट्रेनों की जरूरत है, ऐसी एक्सप्रेस ट्रेनों की जिनके ज्यादा स्टाॅपेज हों या लंबी दूरी के पैंसेजर ट्रेनों की, लेकिन ऐसा करने के बजाए पहले से चल रही ट्रेन को ही बंद किया जाना कहां की समझदारी है? 

मेरे दोस्त संजय को ट्रेनों को गुजरते देखने की आदत थी। अब उसकी फेहरिश्त से ये दो ट्रेनें हमेशा के लिए गायब हो जाएंगी। खुद उसके पिता जहां काम करते थे, वहां जाने के लिए इन्हीं दोनों ट्रेनों से सफर करना पड़ता था। उसकी भी ढेरों स्मृतियां इन ट्रेनों के साथ जुड़ी हुई हैं। हमसे हमारी स्मृतियां छिनी जा रही हैं। क्या इन ट्रेनों को और बेहतर नहीं बनाया जा सकता? क्या विलंब की वजहों को दुरुस्त नहीं किया जा सकता? क्या इनकी गति को ठीक नहीं किया जा सकता? क्या ये ट्रेनें समय पर नहीं चल सकती थीं?

जो भाषणों में परंपरा और अतीत की बात बहुत करते हैं, आखिर उनके सत्ता में काबिज होते ही कई चीजों को मिटाने की शुरुआत क्यों होने लगती है? लालकिला रहा होगा अंगरेजों के लिए विजय की स्मृति, हमारे लिए तो 1857 के महान जनविद्रोह का साक्ष्य है। कुछ लोग हमेशा शब्दों में ही इतिहास को बदलने के पागलपन में डूबे रहते हैं, इतिहास ही बदलना है तो लालकिला ट्रेन को रहने दो और इसके साथ 1857 के महान जनविद्रोह को भी कहीं जोड़ दो! उस जनविद्रोह को, जिसमें हमारी साझी राष्ट्रीयता सामने आई, जिसमें किसानों के बेटों और मेहनतकशों ने लड़ाई की कमान संभाली थी। कहते हैं कि तकनीकी रूप से अंग्रेज उन्नत थे इसलिए उनकी जीत हुई, पर क्या यह आंशिक सत्य नहीं है? उनकी जीत इसलिए भी हुई कि हमारे शासकों के एक बड़े हिस्से ने जनांकांक्षाओं के साथ गद्दारी की और अंगरेजों के साथ देश की लूट में साझीदार बने। आज भी यह तर्क देने वाले बहुत हैं कि अंगरेज आए तो हमारा विकास हुआ। हमारे पूर्व प्रधानमंत्री तो इसके लिए आभार भी प्रकट कर आए थे। पूंजीपतियों के विकास का जो फलसफा अंगरेज हमें सीखा गए, उसके गुणग्राहक तो पूर्व और अभूतपूर्व सारे रहनुमा बने हुए हैं। इस देश के तमाम संसाधनों को लुटने को आतुर पूंजीपति वर्ग और ज्यादा से ज्यादा सुविधा और संपन्नता हासिल करने की रेस में शामिल मध्यवर्ग तो गरीबों, आदिवासियों और किसानों को अपने विकास में बाधक ही समझ रहा है। इस देश का धनिक वर्ग जिस तरह गरीब-मेहनतकश वर्ग को अपनी तीव्र स्वार्थलिप्सा की पूर्ति में बाधक समझता है और तेज गति के तथाकथित विकास का सहचर न हो पाने के कारण आदिवासियों, किसानों और मजदूरों को कोसता रहता है और उन्हें मिटा देना चाहता है, ठीक उसी तरह का व्यवहार आज लालकिला और जनता एक्सप्रेस के साथ किया जा रहा है।

Thursday, May 29, 2014

प्रो. जीएन साईबाबा की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ रिहाई की मांग को लेकर जसम ने विरोध सभा की


 



28 मई 2014 को प्रो. जीएन साईबाबा की गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी रिहाई की मांग के साथ जन संस्कृति मंच के आह्वान पर  जंतर मंतर पर एक संयुक्त सांस्कृतिक विरोध सभा आयोजित की गई. इसमें जानेमाने संस्कृतिकर्मी, बुद्धिजीवी, कवि, चित्रकार, संगीतकार, रंगकर्मी, पत्रकार, शिक्षक, छात्र-नौजवान और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता-नेता शामिल हुए। 
विरोध सभा की शुरुआत करते हुए वरिष्ठ चित्रकार जसम दिल्ली के संयोजक अशोक भौमिक ने कहा कि प्रो. जीएन साईबाबा की गिरफ्तारी लोकतंत्र -विरोधी  कार्रवाई है। इस तरह के मामलों में मीडिया की चुप्पी  देखते हुए लगता है जैसे लोकतंत्र का चौथा खंभा टूट गया हो। डूटा की अध्यक्ष नंदिता नारायण ने कहा कि पुलिस ने  अपहरण के अंदाज़ में साईबाबा की गिरफ्तारी की, यह शर्मनाक है . व्यवस्थाविरोधी बुद्धिजीवियों के साथ राज्य मशीनरी  का यही रवैया रहा है, जिसका लगातार विरोध करने की जरूरत  है। फिल्मकार संजय काक ने कहा कि साईबाबा गरीबों और आदिवासियों पर ग्रीन हंट के तहत ढाये जा रहे दमन का विरोध कर रहे थे, इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया है। इस तरह की घटनाओं के विरोध को और बड़े दायरे में ले जाना चाहिए। 
जलेस के राष्ट्रीय उपसचिव संजीव कुमार ने कहा कि प्रो. साईबाबा के मामले में कानून गैरकानूनी तरीके से काम कर रहा है। नंदिनी चंद्रा का कहना था कि भारतीय राज्य पूरी तरह पुलिसिया राज्य में तब्दील होता जा रहा है। डीएसयू के उमर ने कहा कि प्रो. साईबाबा शिक्षा से लेकर सामाजिक-आर्थिक तमाम सवालों पर व्यवस्था का विरोध कर रहे थे, इसी कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया। सैकड़ों ऐसे लोगों को इसी तरह जेलों में बंद रखा गया है। फिल्मकार झरना जावेरी ने नब्बे प्रतिशत विकलांग प्रो. साईबाबा को अंडासेल में रखे जाने की विडंबना पर सवाल उठाया. यह भी बताया कि बुद्धिजीवियों के अलावा किस तरह पुलिस श्रमिकों के साथ भी अत्याचार कर रही है। 
कवि मदन कश्यप ने अपनी कविता ‘दंतेवाड़ा’ का पाठ किया .अपने वक्तव्य में उन्होंने  कहा कि मध्यवर्ग की जो सरोकारहीनता, संवेदनहीनता और स्वार्थपरता है, उसे बदलना भी एक सांस्कृतिक कार्यभार है।  
भोर पत्रिका के संपादक अंजनी ने विस्तार से प्रो. साईबाबा के राजनीतिक जीवन की चर्चा की तथा कहा कि उनकी गिरफ्तारी पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के गठजोड़ का परिणाम है। पीडीएफआई के अर्जुन प्रसाद सिंह ने पटना में प्रो. साईबाबा पर किए जा रहे एक कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोगों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी दी और कहा कि यह फासीवाद की आहट है और ऐसे में प्रतिरोध की शक्तियों की एकता जरूरी है। 
आइसा नेता ओम ने कहा कि पिछली सरकार काले कानूनों के जरिए जनता का दमन कर रही थी. नई सरकार आने के बाद दमन और तेज होने की आशंका है.इसलिए प्रतिरोधी ताकतों द्वारा भी अपने संघर्ष को तेज करना जरूरी है। इनौस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष असलम ने कहा कि अचानक अंधकार का दौर नहीं आ गया है, यह पहले से जारी है। मजदूरों, अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों सब पर दमन और अन्याय की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। न्याय किसी को नहीं मिल रहा है। दलित लेखक उमराव सिंह जाटव ने साईबाबा की गिरफ्तारी को अमानवीय और कानून का मजाक बताया। 
विद्याभूषण रावत ने प्रो. साईबाबा की गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि संसद के बजाए स़ड़कों पर एकजुट होने का अब समय आ गया है। रेडिकल नोट्स के पोथिक घोष के अनुसार दमन का यह दौर क्रांतिकारी उछाल की संभावनाओं का दौर है। युवा आलोचक आशुतोष कुमार ने कहा कि यह विरोध सभा शासक वर्गों के "अच्छे दिनों" का प्रत्याख्यान है। काले कानूनों और दमन के जरिए जो जनता की लड़ाई की रोकना चाहते हैं, धरना-प्रदर्शन भी जिनसे बर्दास्त नहीं होता, उनका हर जगह विरोध हो रहा है और यह विरोध और बढ़ेगा। 
विरोध सभा के दौरान आरसीएफ की श्रीरूपा ने वरवर राव की कविता का पाठ किया और उनके साथियों ने एक जनगीत सुनाया। अभिनेता इंदर सलीम ने एक खाली कुर्सी के जरिए दो मिनट की एक नाट्य प्रस्तुति की तथा प्रतिरोध की भाषा बदलने का सुझाव दिया। बृजेश ने परवीन शाकिर की गजल की पंक्तियों के जरिए विरोध और संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया। कपिल शर्मा के नेतृत्व में ‘संगवारी’ के कलाकारों ने रमाकांत द्विवेदी, हबीब जालिब और आशुतोष कुमार की रचनाओं को गाकर सुनाया। आशुतोष कुमार ने प्रो. साईबाबा की गिरफ्तारी के संदर्भ में एक जनगीत लिखा है- चांदी की कुर्सी डरती है/ सोने की कुर्सी डरती है/ इस पहिये वाली कुर्सी से/ हर काली कुर्सी डरती है। 
इस मौके पर भगाणा कांड के उत्पीडि़त परिवार भी विरोध सभा में शामिल हुए. जलती हुई दोपहरी में प्रतिरोध के लिए इकट्ठे सैकड़ो की जमात को उन्होंने बिना अनुरोध और पूर्वव्यस्था के अपनी ही पहल  पर ठंढा मीठा पानी देकर उत्पीड़ितों और विद्रोहियों के भाईचारे का अद्भुत उदाहरण पेश किया , जो इस सभा का सब से खूबसूरत और मार्मिक क्षण था. विरोध सभा में मौजूद बुद्धिजीवियों-संस्कृतिकर्मियों  ने उनके न्याय की लड़ाई के प्रति अपने समर्थन का इजहार किया।
विरोध सभा में संगीतकार तरु डालमिया, रंगकर्मी अरविंद गौड़, लोकेश जैन, आलोचक बजरंग बिहारी तिवारी, कवि रंजीत वर्मा, अवधेश कुमार सिंह, चित्रकार सवि सावरकर, चित्रकार सुब्रतो, उज्जैनी, पत्रकार भरत, फिल्मकार संजय जोशी, मार्तंड, रविप्रकाश, विभास वर्मा, राजरानी, रोना विल्सन, बनोज्योत्सना, राखी सहगल, मित्ररंजन, अवधेश, राधिका मेनन समेत कई लोग मौजूद थे। संचालन जसम के राष्ट्रीय सहसचिव सुधीर सुमन ने किया। 
                                                                         -रामनरेश राम 

Sunday, May 18, 2014

प्रो. जी. एन. साईं बाबा को अविलम्ब रिहा करो ! : जसम

9 मई को रामलाल आनंद कालेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) के प्रो. जी. एन. साईं बाबा को महाराष्ट्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद से नागरिक समाज, छात्रों और शिक्षकों द्वारा इस कार्रवाई का विरोध, उनकी रिहाई की मांग और उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए उन्हें दवा, चिकित्सा और परिचारक उपलब्ध कराने तथा हिरासत में उनके रहने के लिए उपयुक्त स्थान को सुनिश्चित करने आदि की मांगें अब तक अनसुनी की गई हैं. पुलिस की कार्रवाई न केवल अलोकतांत्रिक, बल्कि अमानवीय भी है. आश्चर्य है कि दिल्ली विश्विद्यालय शिक्षक संघ द्वारा इस गिरफ्तारी के पुरजोर विरोध के बाद विश्विद्यालय प्रशासन ने बजाय शिक्षकों का साथ देने के आनन फानन में प्रो. साईं बाबा को ही सेवा से निलंबित कर दिया!
ज्ञातव्य है कि श्री साईं बाबा वर्षों से व्हील चेयर पर हैं. खुद से चलने -फिरने की स्थिति में नहीं हैं. इन स्थितियों में भला वे कौन सा ऐसा अपराध कर सकते हैं कि महाराष्ट्र पुलिस उन्हें आतंकवाद निरोधक क़ानून की धाराओं में गिरफ्तार करने को वैध ठहरा रही है? अतीत में डा. बिनायक सेन और सीमा आज़ाद को भी क्रमशः छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में माओवादियों के साथ सम्बन्ध रखने का आरोप लगा कर गिरफ्तार किया गया था. पुलिस आज तक यह साबित नहीं कर पाई कि आखिर उन्होंने क्या अपराध किया था? उन्हें क्रमशः सर्वोच्च न्यायालय तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने ज़मानत पर रिहा किया. प्रो. साईं बाबा की तरह ही चालीस महीने पहले दलित अधिकार और सामाजिक समानता के मुद्दों से संबद्ध 'विद्रोही' पत्रिका के संपादक सुधीर ढवले की भी माओवादियों से सम्बन्ध के आरोप में यूएपीए के तहत गिरफ्तारी की गयी थी. अब कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया है और कहा है कि उनके पास से पुलिस ने जो साहित्य जब्त किया था वह इंटरनेट पर मौजूद है. प्रसंगवश यह भी उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व गांधीवादी कार्यकर्ता संदीप पाण्डेय भी राजद्रोह का मुकदमा उत्तर प्रदेश में झेल चुके हैं. वास्तव में गरीबों और आम जन के हक़-हुकूक के पक्ष में बोलनेवालों, गरीबी, भूख और शासकीय दमन का विरोध करनेवालों को खामोश करने का यह एक स्थापित ढर्रा सा बन गया है. सीमा आज़ाद को ज़मानत देते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने स्पष्ट कहा था कि पुलिस द्वारा जो दस्तावेज़ उनके पास से बरामद किए गए वे मूलतः विचारधारा का प्रचार और दृष्टिकोण का प्रसार करने के निमित्त थे जिन्हें राजद्रोह का प्रमाण नहीं माना जा सकता. विचारों की स्वतंत्रता पर हमले का आलम यह है कि फेसबुक टिप्पणियों और ट्विटर पर भेजे संदेशों तक पर पुलिसिया कार्रवाई की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, जबकि दूसरी ओर अभी हाल में संपन्न हुए आम चुनावों में एक से एक भयानक समाज-विरोधी भड़काऊ भाषण देनेवाले तत्व न केवल क़ानून की गिरफ्त से बाहर रहे, बल्कि बाकायदा निर्वाचित होकर क़ानून-निर्माता बन बैठे हैं.  
यह भी आश्चर्य की बात है कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने प्रो. जी. एन. साईं बाबा की मनमानी गिरफ्तारी का संज्ञान नहीं लिया. जन संस्कृति मंच प्रो. जी. एन. साईं बाबा की गिरफ्तारी के ज़रिए नागरिक अधिकारों पर हमले की इस कार्रवाई की घोर भर्त्सना करता है और उन्हें अविलम्ब रिहा करने की मांग करता है. जसम तमाम नागरिकों से इस कार्रवाई का अपने स्तर से हर संभव विरोध की भी अपील करता है.
(जन संस्कृति मंच की ओर से सुधीर सुमन, राष्ट्रीय सह सचिव द्वारा जारी)